राजधानी दिल्ली में अब केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना को लागू कर दिया गया है। इसे लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच एक समझौता हुआ है। अब 10 अप्रैल से लाभार्थियों को योजना के कार्ड मिलने शुरू हो जाएंगे।
इस योजना के तहत राजधानी के गरीब लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। योजना में पंजीकृत व्यक्ति दिल्ली सहित पूरे देश के निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकेंगे। इस समझौते पर शनिवार को दोनों सरकारों के बीच सहमति बनी।
दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव और केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मुख्य सचिव धर्मेंद्र, स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह, दिल्ली के सातों सांसद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस योजना को लागू करने में अहम भूमिका निभाई है और फंड भी बढ़ाया है। पहले दिल्ली को इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा था और निजी अस्पतालों में इलाज महंगा था। अब मरीज अपने पसंदीदा अस्पताल में इलाज करवा सकेंगे। यह योजना 1961 बीमारियों के इलाज की सुविधा देती है। देशभर के 30,957 अस्पतालों में इलाज संभव होगा। पहले चरण में 2.35 लाख लोगों को इसका लाभ मिलेगा और 10 अप्रैल से कार्ड वितरित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नौ साल पहले इस योजना की कल्पना की थी, जो अब हकीकत बन गई है। उन्होंने बताया कि यह दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस योजना है जो सीधे गरीबों से जुड़ी है। इस साल 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा दी गई है। इस योजना से देशभर में लाखों लोगों को फायदा मिलेगा, जिसमें अकेले दिल्ली में 36 लाख लोग शामिल हैं।
जेपी नड्डा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 2018 से योजना को लागू करने की बात कर रहे थे, लेकिन दिल्ली की जनता ने अब उन्हें घर बैठा दिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी को हराने के लिए विपक्ष को दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।
दिल्ली सरकार के अनुसार, समझौते के बाद योजना के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अनुमान है कि पहले एक महीने में एक लाख परिवारों को इसका लाभ मिल जाएगा। योजना के पहले चरण में अंत्योदय अन्न योजना और प्राथमिकता प्राप्त राशन कार्ड धारकों को शामिल किया गया है।
किन्हें मिलेगा लाभ?
• जिनके पास दिल्ली का आधार और राशन कार्ड है।
• 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले वरिष्ठ नागरिक।
लाभार्थी आंकड़े:
• अंत्योदय अन्न योजना
परिवार: 66,281 | लाभार्थी: 2,72,248
• प्राथमिकता प्राप्त राशन कार्ड
परिवार: 1,68,114 | लाभार्थी: 7,63,904
बड़े अस्पतालों को विशेष टैरिफ
दिल्ली में सेवा दे रहे प्रमुख अस्पताल जैसे मैक्स, मेंदाता, अपोलो आदि को योजना में शामिल करने के लिए 30% तक विशेष टैरिफ देने पर विचार किया जा रहा है। सामान्य अस्पतालों और नर्सिंग होम की तुलना में इन्हें 25 से 35 प्रतिशत अधिक दर मिल सकती है, जबकि अन्य अस्पतालों के लिए दरें देश के अन्य राज्यों के समान होंगी।





