राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के पहले ‘इन्वेस्टर मीट’ का आयोजन शुक्रवार को मुंबई में किया गया, जिसमें राजस्थान सरकार के ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन और विभिन्न उद्योगपतियों के बीच 4.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अगले 5 वर्षों में राजस्थान 350 बिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। इस मीटिंग में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ भी उपस्थित थे।
‘इन्वेस्टर मीट’ में उद्योग और व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। अक्षय ऊर्जा, सीमेंट, केमिकल्स-पेट्रोकेमिकल्स, नागरिक उड्डयन और आईटीआई के अपग्रेडेशन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए एमओयू किए गए। इस मीटिंग में प्रमुख भारतीय कंपनियों और औद्योगिक समूहों ने भाग लिया, जिनमें अडानी ग्रुप, वेदांता ग्रुप, जेएसडब्ल्यू ग्रुप, टाटा ग्रुप, वारी ग्रुप, डालमिया ग्रुप और स्टार सीमेंट जैसी कंपनियां शामिल हैं।
इस ‘इन्वेस्टर मीट’ के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल, प्रॉक्टर एंड गैंबल के भारत और दक्षिण एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर कुमार वेंकटासुब्रमण्यिन, वेदांता ग्रुप की नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर और हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल, एस्सार ग्रुप के ग्रुप डायरेक्टर अंशुमान रुइया, अवादा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल, इमैजिका एंटरटेनमेंट के सीईओ धीमंत बख्शी और यूपीएल लिमिटेड के राज तिवारी से मुलाकात हुई।
इस मीट में अडानी सीमेंट्स और अडानी पोर्ट्स, एसईजेड और लॉजिस्टिक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी, टाटा केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ आर. मुकुंदन, टाटा पावर के प्रबंध निदेशक और सीईओ प्रवीर सिन्हा, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ और वेदांता लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अरुण मिश्रा, जेके सीमेंट के उप प्रबंध निदेशक और सीईओ माधव सिंघानिया, जेएसडब्ल्यू एनर्जी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शरद महेंद्रा, सेरेंटिका रिन्यूएबल्स के सीईओ अक्षय हीरानंदानी और कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के पश्चिमी क्षेत्र की अध्यक्ष स्वाति सालगांवकर भी शामिल थे।
राजस्थान 5 साल में बनेगा 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था-मुख्यमंत्री






