मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले तीन साल के मासूम का राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी में अपहरण हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र स्थित महानाई का बाग पुष्पा नगर में रहने वाला रक्षम जाटव नामक बच्चा अपनी दादी आशा देवी और मां ललिता जाटव के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए सीकर गया था।
जयपुर स्टेशन पर मिला युवक
जब परिवार जयपुर स्टेशन पहुंचा तो वहां एक युवक मिला, जो खुद को खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहा बताने लगा। मंदिर पहुंचने पर युवक ने भीड़भाड़ का हवाला देकर बच्चे को अपने पास रख लिया और दादी व मां को दर्शन के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद जब दोनों दर्शन कर लौटीं तो बच्चा और वह युवक दोनों गायब थे। घटना 6 जून की बताई जा रही है, परिवार ने 7 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बच्चे के अपहरण की खबर सुनते ही पिता अजय कुमार जाटव भी खाटू श्याम जी पहुंच गए। पुलिस बच्चा और आरोपी की तलाश में लगातार प्रयासरत है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है।






