
सरफराज अहमद बने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच
बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम और कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया गया है। इस बार टीम में कई अहम बदलाव किए गए हैं। सरफराज अहमद को टेस्ट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है, जबकि टीम की कप्तानी शान मसूद के हाथों में सौंपी गई है। चयनकर्ताओं ने टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण रखा है, ताकि बांग्लादेश दौरे पर बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज को ध्यान में रखते हुए कोचिंग सेटअप में भी बदलाव किए हैं। सरफराज अहमद के साथ असद शफीक को बल्लेबाजी कोच और उमर गुल को गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बोर्ड को उम्मीद है कि यह नया संयोजन टीम के प्रदर्शन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की गई है। शान मसूद की अगुवाई में टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मौजूदा समय में पाकिस्तान अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और बेहतर प्रदर्शन की जरूरत महसूस कर रहा है। टीम में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जो टीम की रीढ़ माने जाते हैं।
इस बार चयनकर्ताओं ने युवा प्रतिभाओं पर खास भरोसा जताया है। अब्दुल्ला फजल, अमाद बट, अजान अवैस और गाजी घोरी को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है। इन खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसके चलते उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाज फजल और अवैस ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है, जबकि अमाद बट ऑलराउंडर के रूप में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। सीरीज का पहला टेस्ट आठ से 12 मई के बीच शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 16 से 20 मई तक सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। इस महत्वपूर्ण दौरे से पहले पाकिस्तान टीम 27 अप्रैल से एक मई तक कराची में रेड-बॉल ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेगी, जिससे खिलाड़ी अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकें।
पाकिस्तान टेस्ट स्क्वॉड: शान मसूद (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अमाद बट, अजान अवैस, बाबर आजम, हसन अली, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद रिजवान, गाजी घोरी, नोमान अली, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।





