
दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क थाना क्षेत्र स्थित अलकनंदा के तारा अपार्टमेंट में शुक्रवार शाम एक पड़ोसी ने पैसे के विवाद के चलते पिता और पुत्र की चाकू से हत्या कर दी। इस घटना में बीच-बचाव करने आया परिजन भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान राकेश सूद (60) और उनके बेटे करण सूद (33) के रूप में हुई है। दोनों प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और तारा अपार्टमेंट में परिवार सहित रहते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी असद, जो सामने वाले फ्लैट में रहता है, का सूद परिवार के साथ पिछले एक वर्ष से पैसों के लेन-देन और पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और पहले करण पर हमला किया। बेटे को बचाने आए राकेश सूद पर भी उसने कई वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान राकेश का भतीजा आरोपी को पकड़ने की कोशिश में घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीआर पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।






