35 वर्षीय मोहम्मद शमी ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी में 93 ओवर की गेंदबाजी की है, लेकिन भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में शुमार यह खिलाड़ी अब दोबारा टेस्ट क्रिकेट में वापसी करता हुआ मुश्किल से दिख रहा है। वनडे टीम में भी उनके दोबारा नीली जर्सी पहनने की संभावना बहुत कम मानी जा रही है।
पिछले कुछ समय से शमी की टीम इंडिया में वापसी को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। 2023 वनडे विश्व कप के बाद वह पहली बार इस साल चैंपियंस ट्रॉफी में नजर आए थे, लेकिन उसके बाद से तीनों प्रारूपों से गायब हैं। जब भी उनसे वापसी पर सवाल पूछे गए, उन्होंने बिना नाम लिए चयनकर्ताओं पर निशाना साधा। अब खबर सामने आई है कि शमी ने खुद ही इंग्लैंड दौरे पर जाने से मना कर दिया था। इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी है। भारत की मौजूदा टेस्ट टीम में प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप जैसे युवा गेंदबाज मौजूद हैं, ऐसे में शमी इस दौड़ में पीछे दिख रहे हैं। माना जा रहा है कि उनके लिए अब वनडे क्रिकेट ही एकमात्र विकल्प बचा है, लेकिन अगला वनडे विश्व कप 2027 में होना है और तब तक शमी की उम्र 37 वर्ष हो जाएगी। टीम मैनेजमेंट शायद ही किसी उम्रदराज और चोटों से जूझते गेंदबाज पर दांव लगाए, क्योंकि शमी को अतीत में घुटने की समस्या समेत कई चोटों का सामना करना पड़ा है। शमी का कहना है कि चयनकर्ताओं ने उनसे कोई संवाद नहीं किया, हालांकि बीसीसीआई के सूत्रों के मुताबिक ऐसा नहीं है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि कई बार चयन समिति और बोर्ड स्टाफ ने शमी से संपर्क किया था। इंग्लैंड दौरे के लिए चयन समिति उन्हें शामिल करने के लिए उत्सुक थी, क्योंकि जसप्रीत बुमराह तीन से ज्यादा टेस्ट नहीं खेल सके थे।
फिटनेस को लेकर सवाल
बीसीसीआई अधिकारियों का कहना है कि शमी से बातचीत न होने की बात सही नहीं है। चिकित्सा टीम के पास उनकी रिपोर्ट मौजूद है और यह देखना जरूरी है कि उनका शरीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मांगों को झेलने में सक्षम है या नहीं। वर्तमान में शमी रणजी ट्रॉफी में छोटे स्पैल डाल रहे हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पैल की जरूरत होती है, यही कारण है कि उनकी फिटनेस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, चयन समिति के एक सदस्य ने शमी को कई बार संदेश भेजकर उनकी फिटनेस पूछी और इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ‘ए’ की ओर से एक मैच खेलने का अनुरोध किया। इसका उद्देश्य उनकी फिटनेस की स्थिति का आकलन करना था, लेकिन शमी ने जवाब दिया कि उन्हें अभी अपना वर्कलोड बढ़ाना है और फिलहाल इंग्लैंड सीरीज के लिए उनके नाम पर विचार नहीं होना चाहिए।




