भारतीय महिला क्रिकेट टीम 6 दिसंबर से घर पर इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी। इस सीरीज के लिए घोषित हुई भारतीय टीम में कुछ नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम लगभग 2 महीने के बाद अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज खेलने मैदान पर उतरेगी.
टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने वाली कुछ सीनियर खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी की गई है, जिसमें कुछ युवा प्लेयर्स को इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। बीते 14 वर्षों में इंग्लैंड भारत से पांच टी-20 सीरीज में जीत हासिल कर चुका है। अगले वर्ष होने वाली टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारत के सामने इंग्लैंड के इस वर्चस्व को तोडऩे की चुनौती होगी। टीम के नए कोच अमोल मजूमदार हैं। वहीं इस टीम में कर्नाटक की श्रेयंका पाटिल, महिला आईपीएल में 15 विकेट लेने वाली साइका इशाक, एशियाड के फाइनल में तीन विकेट लेने वाली टिटास संधू, पंजाब की बाएं हाथ की स्पिनर मन्नत कश्यप जैसी क्रिकेटरों को मौका दिया जा रहा है।
2 साल से T-20 अंतर्राष्ट्रीय नहीं जीता है भारत
भारत ने इंग्लैंड से नौ मैच खेले हैं, जिसमें उसे सिर्फ दो में जीत हासिल हुई है। अंतिम बार भारत इंग्लैंड से 2018 में जीता था। भारत का ओवरऑल रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के खिलाफ खराब ही है। भारत को टी-20 में घर में अंतिम जीत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मार्च, 2021 में मिली थी। इसके बाद से भारत ने चार मैच हारे हैं। टी-20 में भारत अपना घरेलू रिकॉर्ड भी सुधारने उतरेगा।
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत है फॉर्म में
दीप्ति शर्मा ने 16 मैच में 19 विकेट लिए हैं। हरमनप्रीत ने 13 मैचों में 35.88 की औसत से 323 रन, जेमिमा रोड्रिग्स ने 16 मैच में 34.20 की औसत से 342 रन, स्मृति मंधाना ने 15 मैच में 28.08 की औसत से 369 रन बनाए हैं। मंधाना ने द हंड्रेड लीग में नौ मैचों में 238 रन भी बनाए हैं। शिवर ने मुंबई के लिए 10 विकेट लिए और 332 रन बनाए। भारतीय टीम अब तक 2 या उससे अधिक मैचों की टी-20 सीरीज में एक बार भी इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल नहीं कर पाई है। ऐसे में ये सीरीज कप्तान हरमनप्रीत कौर और टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




