धर्मशाला में भारत की यह लगातार तीसरी टी-20 जीत की हैट्रिक रही। इससे पहले भारत ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ यहां दो टी-20 मुकाबले जीते थे।
भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को तीसरे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका पर सात विकेट से जीत दिलाई। धर्मशाला में भारत ने टी-20 में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 120 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद तिलक वर्मा को तीसरे नंबर पर उतारा गया। तिलक वर्मा ने टी-20 क्रिकेट में 4000 रन पूरे कर लिए और वह यह उपलब्धि सबसे तेजी से हासिल करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने 125 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। गिल और तिलक ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। गिल 28 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन ही बना सके। अंत में तिलक वर्मा (नाबाद 25) और शिवम दुबे (नाबाद 10) ने जीत सुनिश्चित की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला। एनगिडी टी-20 में दक्षिण अफ्रीका के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। कप्तान एडेन मार्करम ने 61 रन की पारी खेली, जबकि डोनोवान फेरेरा ने 20 रन बनाए। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। इस मैच में अक्षर पटेल बीमार होने के कारण नहीं खेले, जबकि जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से घर लौटे। उनकी जगह कुलदीप यादव और हर्षित राणा को मौका मिला। हार्दिक पांड्या ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 100 विकेट पूरे किए। वरुण चक्रवर्ती भी टी-20 में 50 विकेट पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बने।




