बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें एक कॉल पर धमकी दी गई है और मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा कॉल छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी फैजान नाम के व्यक्ति ने किया है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम रायपुर गई है। एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शाहरुख खान को धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धारा 308(4), 351(3)(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने अब तक पुष्टि नहीं की है कि कॉल रायपुर से ही की गई थी। रायपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस फैयाज खान नाम के व्यक्ति को इस मामले में नोटिस दे रही है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
शाहरुख खान लंबे समय से अंडरवर्ल्ड की हिट लिस्ट में रहे हैं, और उनके करियर में पहले भी उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिली हैं। पिछले साल अक्टूबर में भी फिल्म “पठान” और “जवान” की सफलता के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली थीं। इस पर शाहरुख ने महाराष्ट्र पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद उन्हें Y+ सुरक्षा दी गई थी।
पिछले साल मशहूर निर्देशक संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया पर शाहरुख की तारीफ करते हुए एक ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि ‘90 के दशक में शाहरुख अकेले ऐसे अभिनेता थे, जो अंडरवर्ल्ड के सामने नहीं झुके। उन्होंने साफ कहा था कि गोली मारनी है तो मार दो, पर मैं तुम्हारे लिए काम नहीं करूंगा। मैं पठान हूं।’ शाहरुख आज भी वैसे ही निडर हैं।
सलमान के बाद अब शाहरुख को मिली धमकी, सरकार ने दे रखी है Y+ सिक्योरिटी






