
इलाज के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, प्रधानमंत्री ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोसले की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर नरेंद्र मोदी ने चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर उन्हें गहरी चिंता हुई है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद 11 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। उनकी पोती जनाई भोसले ने स्वास्थ्य अपडेट देते हुए बताया कि थकावट और सीने में संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्होंने लोगों से परिवार की निजता बनाए रखने की अपील भी की और कहा कि जल्द ही सकारात्मक खबर मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी की कर चुकी हैं सराहना
पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आशा भोसले ने एक विशेष वीडियो संदेश के जरिए उनकी सराहना की थी। उन्होंने पीएम के अनुशासन, कार्यशैली और सकारात्मक व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा था कि इतने बड़े देश का नेतृत्व करना आसान नहीं है, लेकिन मोदी इसे बखूबी निभा रहे हैं। आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों में शुमार हैं। उन्होंने हिंदी सहित करीब 20 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गीत गाए हैं। वर्ष 2006 में उन्होंने स्वयं बताया था कि वे 12 हजार से अधिक गाने रिकॉर्ड कर चुकी हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने आर. डी. बर्मन, ओ. पी. नैयर, इलैयाराजा, बप्पी लहरी और ए. आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ काम किया है।






