अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन सहित 18 से अधिक सितारों से सजी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ इन दिनों सिनेमाघरों में जबरदस्त धूम मचा रही है। दर्शकों से फिल्म को बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है, और महज चार दिनों में ही यह 100 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है। आइए जानते हैं सोमवार को फिल्म ने कितना कारोबार किया।
100 करोड़ क्लब में शामिल होने के करीब
फिल्म की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘हाउसफुल 5’ जल्द ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर लेगी। तीन दिनों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब सोमवार की कमाई के आंकड़े सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को फिल्म ने 9.7 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। इसके साथ ही अब तक फिल्म की कुल कमाई 97.2 करोड़ रुपये हो चुकी है। अनुमान है कि लेट नाइट शोज़ के आंकड़े आने के बाद यह कमाई और बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है। ऐसे में अगर शुरुआती 4–5 दिनों में ही फिल्म 100 करोड़ पार कर लेती है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे इसकी कमाई कितनी तेज़ी से बढ़ती है। हालांकि आलोचकों की ओर से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसके बावजूद ‘हाउसफुल 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की। पहले दिन फिल्म ने 24 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली। दूसरे दिन शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 31 करोड़ रुपये हो गया, और तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 32.5 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह शुरुआती तीन दिनों में ही फिल्म ने 87.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया।
स्टारकास्ट बनी चर्चा का विषय
तरुण मनसुखानी के निर्देशन में बनी ‘हाउसफुल 5’ में डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म की भव्य स्टारकास्ट टीज़र रिलीज़ के समय से ही सुर्खियों में है। यह फिल्म साजिद नाडियाडवाला की हिट हाउसफुल फ्रेंचाइज़ी की पांचवीं किस्त है। इससे पहले फ्रेंचाइज़ी की चारों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं।





