राजस्थान के कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ अब तमाम विवादों और कानूनी अड़चनों के बाद आखिरकार रिलीज के लिए तैयार है। लंबे समय से चली आ रही बहस और विरोध के बावजूद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म की रिलीज पर लगी रोक हटा दी है और इसके सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया है। फिल्म अब 8 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
पहले इस फिल्म को 11 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन कुछ धार्मिक संगठनों और एक आरोपी ने इसे लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। आरोप था कि फिल्म एक विशेष समुदाय को बदनाम करती है और इससे कन्हैयालाल हत्याकांड में निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है। कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार को दोबारा समीक्षा करने का निर्देश दिया था।
केंद्र सरकार ने फिल्म की समीक्षा के लिए एक समिति बनाई, जिसने 55 कट लगाने की सिफारिश की। फिल्म निर्माता इन बदलावों को मानने के लिए तैयार हो गए। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपने आदेश में बताया कि CBFC ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत फिल्म को प्रमाणपत्र दिया है और निर्माता ने अतिरिक्त कट्स भी लागू किए हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म पर रोक लगाने का कोई ठोस आधार नहीं है, इसलिए सभी पुनरीक्षण याचिकाएं खारिज कर दी गईं। फिल्म को मंजूरी मिलने के बाद निर्माता अमित जानी ने एक वीडियो जारी कर लोगों से अपील की कि वे फिल्म देखकर स्वयं तय करें कि इसमें क्या गलत है। उन्होंने कहा, “हमने फिल्म को संतुलन और संवेदनशीलता के साथ बनाया है। हमारा उद्देश्य किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं, बल्कि एक सच्ची घटना को दिखाना है।”
फिल्म में अभिनेता विजय राज मुख्य भूमिका में हैं। कहानी वर्ष 2022 के उस भयावह हत्याकांड पर आधारित है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण दर्जी कन्हैयालाल को सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उसकी दुकान में ही बेरहमी से मार दिया गया।
दिल्ली हाईकोर्ट की रोक के बाद निर्माता सुप्रीम कोर्ट भी पहुँचे, लेकिन वहाँ से कोई राहत नहीं मिली। अंततः केंद्र सरकार की समिति की सिफारिशों के आधार पर फिल्म को कुछ बदलावों के साथ रिलीज की अनुमति मिल गई। अब सभी कानूनी अड़चनें दूर हो चुकी हैं, और ‘उदयपुर फाइल्स’ 8 अगस्त 2025 को बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है।
8 अगस्त रिलीज होगी ‘उदयपुर फाइल्स’, फिल्म को केंद्र सरकार से मिली मंजूरी





