राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री 2’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। इस फिल्म ने अब तक टिकट खिड़की पर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी ‘स्त्री 2’ में राजकुमार राव के साथ श्रद्धा कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई है। दोनों ही कलाकारों की एक्टिंग दर्शकों को बहुत पसंद आ रही है। इसके अलावा, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी की अदाकारी भी दर्शकों का दिल जीत रही है।
यही कारण है कि ‘स्त्री 2’ टिकट खिड़की पर जोरदार कमाई कर रही है। पहले हफ्ते में इस फिल्म ने 291.65 करोड़ रुपये की कमाई कर तहलका मचा दिया था। वहीं, दूसरे हफ्ते में इसने 141.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर दिग्गजों को भी चौंका दिया। तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की शानदार कमाई जारी है। 16वें दिन फिल्म ने 8.5 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि 17वें दिन कमाई में फिर से जबरदस्त उछाल देखा गया। तीसरे शनिवार को फिल्म ने 16.5 करोड़ रुपये की बेहतरीन कमाई की। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘स्त्री 2’ ने 18वें दिन एक बार फिर से बंपर कलेक्शन किया। खबर लिखे जाने तक इस फिल्म ने 21.27 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन अब 479.32 करोड़ रुपये हो गया है। हॉरर फिल्मों की श्रेणी में यह फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही ‘स्त्री 2’ 500 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है।
स्त्री-2 ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए






