वाहन बिक्री से जुड़े दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों – मारुति, ह्यूंडई, और टाटा मोटर्स की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण मांग में कमी बताया जा रहा है। इस वजह से ऑटो कंपनियों ने आपूर्ति भी कम कर दी है। अगस्त का महीना गाड़ियों की बिक्री के लिहाज से वाहन कंपनियों के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ। प्रमुख वाहन कंपनियों मारुति सुजुकी, ह्यूंडई, और टाटा मोटर्स की थोक बिक्री में गिरावट देखी गई है। इन कंपनियों ने मांग में कमी के चलते वाहनों की आपूर्ति में कटौती की है और डीलर स्तर पर स्टॉक भी घटाया है। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त में आठ प्रतिशत घटकर 1,43,075 इकाई रह गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 1,56,114 वाहन बेचे थे। प्रतिद्वंद्वी ह्यूंडई की घरेलू बिक्री भी आठ प्रतिशत घटकर 49,525 इकाई रह गई। वहीं, टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों की थोक बिक्री तीन प्रतिशत घटकर 44,142 इकाई रही।
किआ इंडिया की अगस्त में थोक बिक्री 17% बढ़कर 22,523 यूनिट्स हो गई। अगस्त 2023 में कंपनी ने 19,219 गाड़ियाँ बेची थीं। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की कुल थोक बिक्री 35% की वृद्धि के साथ 30,879 यूनिट्स तक पहुँच गई, जिसमें घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों शामिल हैं। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की बिक्री में 9% की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 4,571 यूनिट्स तक पहुँच गई। वहीँ दोपहिया वाहन क्षेत्र में, टीवीएस मोटर कंपनी की अगस्त में कुल बिक्री 13% बढ़कर 3,91,588 यूनिट्स हो गई। अगस्त 2023 में कंपनी ने डीलरों को 3,45,848 यूनिट्स भेजी थीं।
मारुति, ह्यूंडई और टाटा की बिक्री में गिरावट, ऑटो कंपनियों ने आपूर्ति में कटौती की




