चीन से छाते, खिलौने, कुछ कपड़े, और संगीत वाद्ययंत्र जैसे सामानों के बढ़ते आयात के कारण देश के छोटे और मझोले व्यवसायों को भारी नुकसान हो रहा है। इन उत्पादों में से कई भारत में भी बनाए जाते हैं। जीटीआरआई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से जून 2024 के बीच भारत ने केवल 8.5 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि आयात 50.4 अरब डॉलर का था, जिससे 41.9 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ।
ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने रविवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि कम निर्यात और अधिक आयात के कारण चीन भारत का सबसे बड़ा व्यापार घाटे वाला साझेदार बन गया है। जीटीआरआई के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि भारत के औद्योगिक वस्तुओं के आयात में चीन की हिस्सेदारी 29.8 प्रतिशत है। भारत को चीन से महत्वपूर्ण औद्योगिक वस्तुओं के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए गहन विनिर्माण में निवेश करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सस्ते चीनी सामान के कारण छोटे और मझोले उद्योगों (एमएसएमई) के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो गया है, जिससे उन्हें अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कुछ एमएसएमई को अपने संचालन को बंद या सीमित करना पड़ा है, क्योंकि कम लागत वाले चीनी उत्पादों की आसान उपलब्धता के कारण उनके लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया है। यह चुनौतियाँ भारत में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को प्रभावित करती हैं।
95.8 प्रतिशत छतरियाँ चीन से आ रही हैं। चीन भारत को 95.8 प्रतिशत छतरियाँ और धूप छाते (3.1 करोड़ डॉलर) और 91.9 प्रतिशत कृत्रिम फूल की आपूर्ति करता है। इसके अलावा, कांच के बर्तन (52.1 करोड़ डॉलर, 59.7 प्रतिशत), हैंडबैग सहित चमड़े के सामान (12 करोड़ डॉलर, 54.3 प्रतिशत), और खिलौने (12 करोड़ डॉलर, 52.5 प्रतिशत) की आपूर्ति कर रहा है। इससे घरेलू निर्माताओं पर गंभीर असर पड़ा है। भारतीय एमएसएमई फर्नीचर, बिस्तर और लैंप जैसे क्षेत्रों में भी चीन से प्रतिस्पर्धा के कारण संघर्ष कर रहे हैं। अमेरिका सहित 151 देशों में इस साल की पहली छमाही, यानी जनवरी से जून के दौरान, भारत का कारोबार बढ़ा है। वहीं, चीन और रूस समेत 75 देशों के साथ व्यापार घाटे में कमी आई है। जीटीआरआई ने कहा कि भारत को कच्चे तेल और कोयले के आयात से उत्पन्न व्यापार घाटे की चिंता करने की जरूरत नहीं है। जीटीआरआई के मुताबिक, जनवरी से जून 2024 के दौरान 151 देशों को भारत का 55.8 प्रतिशत निर्यात हुआ, जबकि आयात केवल 16.5 प्रतिशत था। अमेरिका (21 अरब डॉलर) और नीदरलैंड (11.6 अरब डॉलर) के साथ सबसे अधिक व्यापार अधिशेष रहा। 75 देशों के साथ व्यापार घाटा रहा, जिनके साथ 44.2 प्रतिशत निर्यात हुआ और 83.5 प्रतिशत आयात, जिसके कारण 185.4 अरब डॉलर का घाटा हुआ। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत को विशेष रूप से चीन जैसे देशों से औद्योगिक वस्तुओं के आयात को कम करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि यह भारत की आर्थिक संप्रभुता को खतरा हो सकता है। इस स्थिति में आयात पर निर्भरता को कम करने और घरेलू उत्पादन को मजबूत करने की आवश्यकता है।
जीटीआरआई के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि भारत को उन देशों के बारे में भी सतर्क रहना चाहिए, जहां से वह मुख्य रूप से सोना, चांदी और हीरा का आयात करता है। बजट में इन पर शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया गया है। भारत का सबसे बड़ा आयात बिल कच्चे तेल में होता है। दूसरी ओर, चीन के सामानों पर डंपिंग ड्यूटी का उपयोग करके आयात को कम करने का प्रयास किया गया है, लेकिन इसके बावजूद चीन से आयात सबसे अधिक बना हुआ है।
चीन से सामानों के बढ़ते आयात से छोटे कारोबारियों को घाटा; जीटीआरआई रिपोर्ट में दावा





