
हर वर्ष 30 जनवरी को देशभर में शहीद दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1948 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह तिथि केवल एक महान आत्मा की पुण्यतिथि नहीं, बल्कि उन शाश्वत मूल्यों को स्मरण करने का अवसर है, जिन पर आधुनिक भारत की नींव रखी गई। अहिंसा, सत्य और मानवता। शहीद दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी किसी एक क्षण की उपलब्धि नहीं, बल्कि अनगिनत बलिदानों का परिणाम है। पूरी दुनिया में बापू के नाम से विख्यात महात्मा गांधी ने बिना हथियार उठाए एक शक्तिशाली साम्राज्य को झुकने पर मजबूर कर दिया। उनका जीवन सादगी, आत्मसंयम और नैतिक साहस का जीवंत उदाहरण था। गांधी जी का स्पष्ट विश्वास था कि लक्ष्य जितना पवित्र हो, उसे पाने के साधन भी उतने ही शुद्ध होने चाहिए। उनके सिद्धांत आज भी उतने ही सार्थक और प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन रखकर देश उन सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। इस अवसर पर बापू के विचार हमें यह सोचने के लिए विवश करते हैं कि नफरत और हिंसा के इस दौर में क्या हम उनके दिखाए मार्ग पर चल पा रहे हैं? गांधी जी के शब्द आज भी हमें इंसानियत, प्रेम और सहअस्तित्व का संदेश देते हैं।
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके अमूल्य विचार हमें आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करते हैं, क्या हम उस भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिसकी परिकल्पना बापू ने की थी? गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनके प्रेरक विचारों को स्मरण करें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें—





