
धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप से जुड़े मामले में अभिनेता रणवीर सिंह को फिलहाल राहत मिल गई है। दरअसल, गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 2025 के दौरान उन्होंने फिल्म कांतारा के एक दृश्य की प्रस्तुति की थी, जिसके बाद उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा और शिकायत दर्ज कराई गई। मामला अदालत पहुंचने पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए अभिनेता के खिलाफ फिलहाल कोई कठोर कार्रवाई न करने का निर्देश पुलिस को दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अदालत ने जांच जारी रखने की अनुमति दी है, लेकिन सख्त कदम उठाने पर रोक लगाई है।
कोर्ट ने राहत के साथ लगाई फटकार
जस्टिस एम नागप्रसन्ना की पीठ ने बेंगलुरु पुलिस को निर्देश देते हुए अभिनेता को उनके आचरण पर फटकार भी लगाई। अदालत ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह सुपरस्टार ही क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है। साथ ही रणवीर सिंह को जांच में पूरा सहयोग करने का आदेश दिया गया। बताया गया कि 30 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित समारोह के दौरान रणवीर सिंह ने मंच पर फिल्म के दृश्य की नकल की थी। इसी प्रस्तुति को लेकर एक वकील ने अदालत में शिकायत दायर की, जिसके बाद कोर्ट के निर्देश पर अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
कार्यक्रम में मौजूद थे ऋषभ शेट्टी
इस कार्यक्रम में फिल्म के निर्माता-अभिनेता ऋषभ शेट्टी भी उपस्थित थे। रणवीर ने उनकी जमकर प्रशंसा की और भविष्य में फिल्म के अगले भाग में काम करने की इच्छा जताई। काम की बात करें तो रणवीर सिंह अपनी आगामी फिल्म धुरंधर 2 को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी रिलीज 19 मार्च 2026 तय बताई जा रही है।





