
हेमा मालिनी इन दिनों बेहद भावुक दिखाई दे रही हैं। दिवंगत पति धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर उन्होंने एक खास संदेश साझा किया है, जिसे पढ़कर प्रशंसक भी भावनाओं से भर उठे हैं। गौरतलब है कि हेमा मालिनी से धर्मेंद्र ने दूसरी शादी की थी। अभिनेता पहले से विवाहित थे, लेकिन ड्रीमगर्ल के प्रेम में पड़कर उन्होंने बिना पहली पत्नी प्रकाश कौर से तलाक लिए दूसरा विवाह कर लिया। इसके बावजूद धर्मेंद्र ने अपने दोनों परिवारों को अलग रखा। वह मुंबई में पहली पत्नी और बेटे सनी व बॉबी के साथ रहते थे और वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद अब सरकार की ओर से धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के बहाने हेमा मालिनी का दर्द और भावनाएं खुलकर सामने आई हैं। उन्होंने जो शब्द लिखे, उनसे धर्मेंद्र के प्रशंसक भी पूरी तरह सहमत नजर आ रहे हैं।
धर्मेंद्र के लिए हेमा मालिनी का भावुक संदेश
इस सम्मान पर हेमा मालिनी ने अपने जज्बात जाहिर करते हुए कहा कि उनके दिवंगत पति इस पुरस्कार के पहले से ही हकदार थे। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने की जानकारी उन्हें आज सुबह मिली, जिसे जानकर उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। हेमा मालिनी ने कहा कि धर्मेंद्र का फिल्म इंडस्ट्री में योगदान अतुलनीय रहा है। उनके शब्दों में, “एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी वह बहुत अच्छे और शानदार व्यक्ति थे। वह हमेशा जरूरतमंदों की मदद करते थे और इस सम्मान के पूरी तरह योग्य हैं।”
इंस्टाग्राम पर साझा किया इमोशनल पोस्ट
हेमा मालिनी ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र की तस्वीर पोस्ट करते हुए भावुक संदेश लिखा, “मुझे बेहद गर्व है कि सरकार ने धर्म जी के फिल्म उद्योग में दिए गए अमूल्य योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें प्रतिष्ठित पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया है।” उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र का निधन पिछले वर्ष 24 नवंबर को हुआ था। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी तबीयत में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।





