चेक बाउंस केस में जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने अपने समर्थकों और मददगारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे इस पूरे प्रकरण पर विस्तार से जानकारी साझा करेंगे।
करीब 11 दिन तक हिरासत में रहने के बाद रिहा हुए राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा सजा पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बाद राहत मिली। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें मिल रहे समर्थन से वे भावुक हैं और सभी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी उनके वकील के पास है और चूंकि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए वे इस पर फिलहाल सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने निकट भविष्य में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सभी सवालों के जवाब देने की बात कही। अभिनेता ने इस कठिन समय में साथ देने वाले हर व्यक्ति का आभार जताते हुए कहा कि कई ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने सार्वजनिक रूप से सामने आए बिना उनकी मदद की, जिनके प्रति वे विशेष रूप से आभारी हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि 2010 के चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद 16 फरवरी को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने पर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया गया और 17 फरवरी को वे लगभग 11 दिन बाद जेल से बाहर आए। यह मामला लगभग 9 करोड़ रुपये के ऋण का भुगतान न कर पाने से जुड़ा है।






