दिग्गज अभिनेता सतीश शाह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए फिल्म इंडस्ट्री से कई सितारे पहुंचे। इस दौरान उनके करीबी दोस्त और सह-कलाकार भावुक नजर आए, जिनमें रुपाली गांगुली, रत्ना पाठक शाह जैसे नाम शामिल थे।
सतीश शाह के निधन के बाद ‘इंस्टेंट बॉलीवुड’ से बातचीत में नसीरुद्दीन शाह और सुरेश ओबेरॉय ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। सुरेश ओबेरॉय ने कहा, “हमने साथ में एक्टिंग सीखी थी। वो हमारे दिल के बहुत करीब थे।”
वहीं सुधीर पांडे और दिलीप जोशी को आपस में बातचीत करते देखा गया। रुपाली गांगुली और राजेश कुमार भी अंतिम संस्कार में मौजूद रहे।
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम दिलीप जोशी ने मीडिया से कहा, “हमने ‘हम आपके हैं कौन’ की शूटिंग के दौरान काफी समय साथ बिताया था। हम अक्सर एक-दूसरे को मजेदार जोक्स भेजा करते थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना बहुत दुखद है।”
अभिनेता नील नितिन मुकेश ने भी सतीश शाह के निधन पर शोक जताते हुए कहा, “वो मेरे पिता जैसे थे। मैंने अपनी पहली फिल्म ‘मुझसे दोस्ती करोगे’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था और वो मुझसे बहुत स्नेह करते थे। वो मेरे पिता के भी बहुत अच्छे दोस्त थे। उनकी कई फिल्में हैं जो हमेशा याद की जाएंगी।”
सतीश शाह के अंतिम संस्कार में वरिष्ठ अभिनेता सुधीर पांडे सहित हसमुख शाह (जो सीरियल ‘अनुपमा’ में रुपाली गांगुली के ससुर की भूमिका निभाते हैं) भी शामिल हुए।
पंचतत्व में विलीन हुए सतीश शाह, बॉलीवुड’ के कई सितारों ने दी अंतिम विदाई





