रिव्यू : फिल्म “उलझ”

कलाकार- जान्हवी कपूर, गुलशन देवैया, रोशन मैथ्यू, मेयांग चांग, राजेश तैलंग, आदिल हुसैन, जितेंद्र जोशी, जैमिनी पाठक, अली खान और राजेंद्र गुप्ता आदि
लेखक- सुधांशु सरिया, परवेज शेख और अतिका चौहान
निर्देशक- सुधांशु सरिया
निर्माता- विनीत जैन
रिलीज: 2 अगस्त 2024
रेटिंग- 2/5

देश में बीते 40-50 साल में बिकने वाली किताबों की गिनती की जाए तो किसी भी साहित्यिक कृति से ज्यादा उपन्यास उन लेखकों के बिकते पाए जाएंगे, जिनकी कहानियों के नायक जासूस रहे हैं। सुरेंद्र मोहन पाठक और वेद प्रकाश शर्मा सरीखे लेखकों ने इसमें बड़ा नाम कमाया है। जासूसी एक कला रही है और जब से कथा-कहानियों का सिलसिला शुरू हुआ है तब से ये कला चली आ रही है। जिन लोगों को सत्यकथा और मनोहर कहानियां जैसी पत्रिकाएं याद होंगी, उन्हें ये भी याद होगा कि ये अपने दौर की सबसे ज्यादा बिकने वाली पत्रिकाएं रही हैं। जैसे हॉरर फिल्मों का नाम सुनते ही दर्शकों का एक खास तबका इन्हें देखने के लिए लालायित हो जाता है, वैसे ही जासूसी कथाओं का अपना अलग ही तिलिस्म रहता है।
‘राजी’ से ‘उलझ’ तक
जंगली पिक्चर्स ने कोई छह साल पहले गर्मियों के मौसम में ही अपनी पहली जासूसी फिल्म ‘राजी’ रिलीज की थी। इस बार बारिश के मौसम में ‘उलझ’ का डीएनए भी कुछ कुछ वैसा ही है। यहां फर्क बस इतना है कि कहानी के किरदार एक दूसरे से उलझते चलते हैं और देशभक्ति की भावना का उफान लाए बिना कहानी का ‘प्रेशर’ बना रहता है। सीटी इसकी सबसे आखिर में आकर वहां बजती है, जहां कहानी का क्लाइमेक्स आता है। खानदानी विदेश सेवा अधिकारियों वाले भाटिया परिवार की युवती सुहाना नेपाल में अपनी काबिलियत का नमूना दिखाती है और इनाम में पाती है ब्रिटेन के भारतीय उच्चायोग में नंबर दो की पोजीशन। बंद गले जैसे ब्लाउज पहनकर रहने वाली सुहाना पहली नजर में ही वहां जिस मिशेलिन शेफ पर फिदा होकर सीधे उसके साथ हमबिस्तर होती है, उसका अतीत कुछ और निकलता है। बात जब तक समझ में आए कि रात भर में ही उसके साथ हुआ क्या, वह दुश्मनों के हाथों का मोहरा बन चुकी होती है। जासूसी फिल्म हो और कहानी का सिरा पाकिस्तान से न जुड़े, ऐसा होना हिंदी सिनेमा में अभी बाकी है।
परवेज की पटकथा सबसे कमजोर कड़ी
सिनेमा को ब्रिटेन में सब्सिडी भी खूब मिलती है तो कहानी और कारोबार दोनों के हिसाब से फिल्म ‘उलझ’ की सेटिंग अच्छी है। कहानी भी अच्छी है। पटकथा परवेज शेख की है और उनको अपनी ‘क्वीन’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों से मिली शोहरत अब तक काम आ रही है। यहां ध्यान रखना ये जरूरी है कि परवेज ने ही ‘मिशन मजनू’, ‘बेलबॉटम’, ‘ब्लैकमेल’, ‘बाजार’ और ‘ट्यूबलाइट’ जैसी फिल्में भी लिखी हैं। अतिका चौहान ने फिल्म के संवादों में एक लोकप्रिय मुहावरे का लिंग परिवर्तन करने के अलावा दूसरा कोई बड़ा काम ऐसा किया नहीं है, जो फिल्म देखने के बाद हॉल से बाहर निकलते समय याद रह जाए। अपनी कमजोर पटकथा और अपने बनावटी संवादों के बोझ तले दबी फिल्म ‘उलझ’ दर्शकों के दिल तक लाने की पूरी जिम्मेदारी इसके सहायक कलाकारों ने उठाई है।
जान्हवी कपूर का किरदार भी कमजोर
‘राजी’ रिलीज होने के साल की बारिश में ही फिल्म ‘धड़क’ से अपनी अभिनय यात्रा शुरू करने वाली जान्हवी कपूर के लिए साल 2024 काफी अहम है। फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ में उनके अभिनय की तारीफ हो चुकी है। ‘उलझ’ में भी उनका काम बेहतर होने की गुंजाइश पूरी थी। ‘देवरा’ का पहला भाग भी अगले महीने तक बड़े परदे पर आ ही जाएगा। दिक्कत यहां ये है कि बोनी कपूर जैसे निर्माता की बेटी होने के बावजूद हीरो के तौर पर उन्हें अब तक राजकुमार राव और वरुण धवन ही मिलते आए हैं। मेहनत उनकी ओटीटी पर ज्यादा देखी गई है। सिनेमाघरों तक लोग उनके नाम की वजह से भी आएं, इसके लिए जान्हवी सोशल मीडिया पर इफरात की मेहनत खूब करती हैं। फिल्म ‘उलझ’ में उनका किरदार बेहद कमजोर है। खानदानी अफसरों के घराने की एक बेटी विदेश में एक अनजान शख्स के साथ इतनी आसानी से हमबिस्तर होने चली जाएगी? समझना मुश्किल है।
रोशन मैथ्यू ने किया सीक्वल का इशारा
मुश्किल ये भी समझना है कि एक विदेशी प्रधानमंत्री किसी धार्मिक स्थल जाए और वहां उसी समय आम श्रद्धालुओं का भी आना-जाना जारी रहे। खैरात पाने वाले कतारों में बैठे हों और आसपास प्रधानमंत्री के लिए संकट पैदा करने वाले लोग इतनी आरामतलबी से अपना काम करते रहैं, ऐसा प्रोटोकॉल के तहत होता नहीं है। फिल्म में रोशन मैथ्यू भारतीय उच्चायोग में तैनात रॉ के एजेंट बने हैं और क्लाइमेक्स में उनके असली संगठन का भी इशारा फिल्म के निर्देशक ने दिया है और इसकी सीक्वल बनाने का अपना मंतव्य भी जाहिर किया है। लेकिन, उनकी अभिनय प्रतिभा को फिल्म में देखने के लिए दर्शकों को इंटरवल के बाद तक का इंतजार करना पड़ता है।
जान्हवी को हराने में हारे गुलशन देवैया
गुलशन देवैया के अभिनय में जान्हवी कपूर को मात देने का जज्बा ज्यादा दिखाई देता है और अपने किरदार पर टिके रहने का कम। ओवरएक्टिंग में वह पकड़े भी जाते हैं। मेयांग चांग की भूमिका छोटी है लेकिन दमदार है। राजेश तैलंग के लिए बड़े परदे पर मिला ये बड़ा मौका है और फिल्म की रोल रिवर्सल की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उन्होंने अपनी उपयोगिता भी सिद्ध करने की कोशिश की है। अली खान, आदिल हुसैन और जैमिनी पाठक के जिम्मे फ्रेम सजाने का काम रहा जिसे उन्होंने भी निभाया भी सलीके से। जितेंद्र जोशी इन सबके बीच अपना तुरुप का पत्ता फेंककर बाजी समेटने में सफल रहे हैं।
पुराने चावल से महक उठे राजेंद्र गुप्ता
और, इन सारे दमदार सहायक कलाकारों के बीच असल खेल किया है अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने। अरसे बाद वह किसी फिल्म में इतने भरे पूरे रोल में नजर आए और फिल्म अच्छी हो तो उनका काम सोने पर सुहागा से कम नहीं होता। फिल्म ‘उलझ’ की पटकथा तो इसकी सबसे कमजोर कड़ी है ही, इस पूरी फिल्म को एक अलग रुआब के साथ बनाने में भी सुधांशु सरिया ने गलती की है। मेघना गुलजार ने यही काम ‘राजी’ में नहीं किया था। उनके किरदार इसीलिए हकीकत के ज्यादा करीब दिखे थे। ‘उलझ’ में हर किरदार किसी न किसी एटीट्यूड में ज्यादा दिखता है। हां, श्रेया देव दुबे की सिनेमैटोग्राफी का एटीट्यूड जरूर प्रभावित करता है और वह भी इसलिए क्योंकि यहां प्रकाश और छाया दोनों का एटीट्यूड अपनी जगह पर बिल्कुल सही मात्रा में है। निक पॉवेल के जिम्मे आए ब्रिटेन के एक्शन दृश्य बहुत सधे हुए नहीं हैं। राजेश तैलंग और जान्हवी कपूर के बीच क्लाइमेक्स के करीब होने वाली मारपीट दोनों के किरदारों के एटीट्यूड के हिसाब से नहीं है। जोगी मलंग ने फिल्म के लिए कास्टिंग अच्छी की है लेकिन कुमार के गीत और शाश्वत सचदेव के संगीत के लिए यही बात नहीं कही जा सकती। ‘उलझ’ एक बढ़िया जासूसी फिल्म बन सकती थी, लेकिन अभी महज ये एक औसत फिल्म बनकर रह गई है।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading