अक्षय कुमार और अरशद वारसी की ‘जॉली एलएलबी 3’ इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म 19 सितंबर को रिलीज होगी।
अरशद वारसी अभिनीत ‘जॉली एलएलबी’ और अक्षय कुमार की ‘जॉली एलएलबी 2’ को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली थी। इन दोनों फिल्मों की सफलता के बाद निर्माताओं ने इसके तीसरे भाग की घोषणा की थी। अब अक्षय और अरशद की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी यह फिल्म इस साल सितंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में सौरभ शुक्ला और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी रिलीज डेट साझा की। उन्होंने लिखा, ‘अक्षय कुमार और अरशद वारसी की ‘जॉली एलएलबी 3’ की रिलीज डेट फाइनल हो गई है। वायकॉम 18 स्टूडियोज ने इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3′ को 19 सितंबर 2025 को रिलीज करने की घोषणा की है।’ पहली ‘जॉली एलएलबी’ 2013 में आई थी, जबकि इसका सीक्वल 2017 में रिलीज हुआ था। तीसरे भाग में अक्षय और अरशद के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसमें सौरभ शुक्ला फिर से जज की भूमिका निभाएंगे।
‘जॉली एलएलबी 3’ की शूटिंग मई 2024 में अजमेर में शुरू हुई थी, जहां विशेष रूप से एक कोर्ट रूम सेट तैयार किया गया था। अक्षय कुमार ने अजमेर में शूटिंग पूरी करने के बाद अरशद वारसी के साथ एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों अभिनेता खून से लथपथ बाइक चलाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो फिल्म में एक जबरदस्त एक्शन सीन की ओर इशारा करता है। वीडियो के साथ अक्षय ने लिखा, ‘और यह शेड्यूल पूरा हुआ! जैसा कि आप देख सकते हैं, दोनों जॉली ने राजस्थान में जमकर मस्ती की।’





