रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल-3’ के विजेता प्रशांत तमांग का निधन हो गया है। उनके करीबी लोगों ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। सिंगर और अभिनेता प्रशांत तमांग ने 43 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने उनके निधन की जानकारी दी, जबकि दार्जिलिंग के गायक महेश सेवा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन
गायक महेश सेवा के अनुसार, प्रशांत तमांग को कार्डियक अरेस्ट आया था। उस समय वह दिल्ली में रह रहे थे। रविवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए महेश सेवा ने लिखा, “प्यारे भाई प्रशांत के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” प्रशांत तमांग के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “‘इंडियन आइडल’ फेम और मशहूर सिंगर प्रशांत तमांग के अचानक और असमय निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका संबंध दार्जिलिंग से भी था। मैं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।”
पुलिस विभाग से संगीत जगत तक का सफर
प्रशांत तमांग ‘इंडियन आइडल-3’ के विजेता थे। इस रियलिटी शो में आने से पहले वह कोलकाता पुलिस में कार्यरत थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा थे। वह विभिन्न पुलिस कार्यक्रमों में गाया करते थे। उनके वरिष्ठ अधिकारियों ने ही उन्हें इंडियन आइडल में हिस्सा लेने की सलाह दी थी। शो जीतने के बाद प्रशांत ने सोनी बीएमजी के साथ अपना पहला म्यूजिक एल्बम रिलीज किया, जिसमें हिंदी और नेपाली गीत शामिल थे। बाद में उन्होंने नेपाली फिल्मों में गायक और अभिनेता के रूप में भी काम किया।
सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में निभाया अहम किरदार
प्रशांत तमांग ने केवल नेपाली फिल्मों तक ही सीमित रहकर काम नहीं किया, बल्कि वह जयदीप अहलावत स्टारर वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में भी नजर आए। इस सीरीज में उन्होंने खलनायक डेनियल लेचो का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और इस भूमिका में उन्होंने सभी को चौंका दिया।






