इन दिनों सिनेमाघरों में कई बड़ी फिल्में दर्शकों का ध्यान खींचने की कोशिश कर रही हैं। शनिवार को कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त वापसी की, जबकि कुछ अभी भी गति पकड़ने के लिए संघर्ष कर रही हैं। सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ ने कमाई में अच्छा खासा उछाल दिखाया, वहीं सलमान खान की ‘सिकंदर’ अब बॉक्स ऑफिस को अलविदा कहने के करीब दिख रही है।
‘जाट’ ने दिखाया दम
सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने तीसरे दिन 10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 26.5 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में सनी देओल का देसी अंदाज़ दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। पहले दिन 9.5 करोड़ और दूसरे दिन 7 करोड़ की कमाई के बाद शनिवार की यह बढ़त फिल्म के लिए राहत लेकर आई है। अगर रविवार को भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहा, तो ‘जाट’ अपनी लागत निकालने की ओर तेज़ी से बढ़ सकती है।
सलमान खान की ‘सिकंदर’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अब यह फिल्म फ्लॉप होती नजर आ रही है। शनिवार यानी 14वें दिन फिल्म ने केवल 40 लाख रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 108.5 करोड़ रुपये हो गया है। 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 26 करोड़ की शानदार शुरुआत की थी, मगर इसके बाद इसका ग्राफ लगातार नीचे गिरता गया। ना तो समीक्षकों से खास सराहना मिली, और ना ही दर्शकों से अपेक्षित समर्थन। फिलहाल, यह फिल्म अपने बजट की भरपाई से काफी दूर नजर आ रही है।






