बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी के मामले में एक नया मोड़ आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी फैजान खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। आरोपी फैजान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मंगलवार सुबह 11 बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी से पहले, फैजान ने कहा था कि वह मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में बयान दर्ज कराने जाएगा, लेकिन उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। इस कारण उसने मुंबई पुलिस कमिश्नर को आवेदन दिया था कि वह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की बजाय ऑनलाइन माध्यम से बयान देना चाहता है। इसके अलावा, आरोपी ने बताया था कि उसका फोन 2 नवंबर को चोरी हो गया था और उसने इस बारे में बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
मुंबई पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई थी, वह छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी फैजान का है। पुलिस की साइबर सेल द्वारा नंबर को ट्रेस करने पर रायपुर की लोकेशन मिली। पुलिस फैजान को रिमांड पर लेकर मुंबई जाएगी और उससे पूछताछ करेगी। इससे पहले भी शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। शाहरुख अक्सर अंडरवर्ल्ड की हिट लिस्ट में रहे हैं, और करियर में कई बार उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले साल अक्टूबर में, उनकी फिल्मों “पठान” और “जवान” की सफलता के बाद भी उन्हें धमकियां मिली थीं, जिसके चलते उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी और उन्हें Y+ सुरक्षा दी गई थी।
पिछले साल निर्देशक संजय गुप्ता ने शाहरुख की तारीफ में ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि ’90 के दशक में शाहरुख इकलौते ऐसे एक्टर थे जो अंडरवर्ल्ड के आगे नहीं झुके। उन्होंने कहा था कि गोली मारनी है तो मार दो, पर तुम्हारे लिए काम नहीं करूंगा। मैं पठान हूं।’ आज भी शाहरुख का वही साहस बरकरार है।
शाहरुख खान को धमकी देने वाला आरोपी फैजान गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी






