
आज रविवार को शाहरुख खान के 60वें जन्मदिन के मौके पर उनकी नई फिल्म ‘किंग’ का टाइटल रिवील कर दिया गया। जारी किए गए अनाउंसमेंट वीडियो में किंग खान का जबरदस्त और धांसू अंदाज देखने को मिला।
शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास दिन पर फैन्स उनकी अगली फिल्म को लेकर किसी बड़े अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जो आखिरकार पूरा हो गया। फिल्म ‘किंग’ का टाइटल मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर एक शानदार वीडियो के ज़रिए शेयर किया। वीडियो देखकर साफ है कि शाहरुख एक बार फिर अपने दमदार एक्शन से दर्शकों को रोमांचित करने वाले हैं।
“कितने खून किए, याद नहीं…”
शाहरुख खान के जन्मदिन पर रेड चिलीज़ के यूट्यूब चैनल से फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो जारी हुआ। वीडियो की शुरुआत समुद्र के मनमोहक दृश्य से होती है, और बैकग्राउंड में शाहरुख की आवाज सुनाई देती है, “कितने खून किए, याद नहीं। अच्छे लोग थे या बुरे, कभी पूछा नहीं। बस उनकी आंखों में वो एहसास देखा कि ये उनकी आखिरी सांस है… और मैं उसकी वजह। हजार जुर्म, सौ देशों में बदनाम। दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम ‘किंग’। डर नहीं, दहशत हूं। इट्स शो टाइम।”
शाहरुख का खतरनाक लुक
पूरे वीडियो में शाहरुख का बेहद खतरनाक और एक्शन से भरपूर लुक नज़र आता है। वे गोलियां चलाते और दुश्मनों को धूल चटाते दिखते हैं। वीडियो का आखिरी सीन खासतौर पर दिल दहला देने वाला है, जिसमें शाहरुख अपने एक वार से सामने वाले का दांत तोड़ देते हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “सौ देशों में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक नाम किंग।” यह फिल्म साल 2026 में रिलीज होने वाली है।
दर्शकों में उत्साह
‘पठान’ के बाद शाहरुख एक बार फिर सिद्धार्थ आनंद के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बनाई जा रही है। ‘किंग’ के अनाउंसमेंट वीडियो ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। सोशल मीडिया पर फैन्स लिख रहे हैं, “क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में।” लोगों का कहना है कि शाहरुख की एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म आने वाली है। साथ ही, फैन्स अपने फेवरेट स्टार को 60वें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।






