बालाघाट में ‘नो हेलमेट–नो राइड’ अभियान के दौरान शनिवार रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब एसपी आदित्य मिश्रा और पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे आमने-सामने आ गए। बिना हेलमेट बाइक चलाने पर एसपी ने पूर्व विधायक का 2300 रुपये का चालान काट दिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे एसपी आदित्य मिश्रा शहर में हेलमेट चेकिंग अभियान का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे बिना हेलमेट बाइक चला रहे हैं। एसपी ने उन्हें रोककर वाहन के कागजात मांगे। इस पर मुंजारे नाराज़ हो गए और बोले—“क्या यह चोरी की गाड़ी है जो आप मुझसे कागज मांग रहे हैं?” इसके बाद दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।
इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार राजेश गांधी बिना हेलमेट के आया। उसने तुरंत “सॉरी” कहा, तो एसपी ने मुस्कराकर “थैंक यू” कहा और उसे जाने दिया। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे ने इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया। उनका कहना है, “जब मेरा चालान काटा जा रहा था, तब कई लोग बिना हेलमेट जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनका चालान नहीं किया। यह एकतरफा कार्रवाई है।” मुंजारे ने चालान की राशि जमा नहीं की, जिसके बाद पुलिस ने उनकी बाइक जब्त कर थाने भेज दी।
एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा, “कानून सभी पर समान रूप से लागू होता है। कुछ लोग यह दिखाना चाहते हैं कि नियम उन पर लागू नहीं होते, लेकिन ऐसा नहीं होगा। जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा, “हेलमेट पहनना न केवल अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि यह जीवन बचाने का नियम है। जनप्रतिनिधियों को उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, न कि नियम तोड़ना।”
एक दिन में बने 100 से अधिक चालान
बालाघाट पुलिस ने 1 नवंबर से ‘नो हेलमेट–नो राइड’ अभियान की शुरुआत की है। पहले ही दिन 100 से ज्यादा चालान काटे गए। कई लोगों को अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर पैदल घर जाकर हेलमेट लाने के निर्देश भी दिए गए।






