मरने के बाद अंतिम संस्कार की चिंता में बुजुर्ग ने जीते-जी खुद ही करा लिये अपने अंतिम संस्कार के सभी कर्मकांड
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र अंतर्गत हाजीनगर गांव में एक ऐसा अनोखा और भावनात्मक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। यहां 60 वर्षीय कल्याण पाल ने अपने जीवनकाल में ही वे सभी धार्मिक अनुष्ठान और कर्मकांड संपन्न करा लिए, जो सामान्यतः किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद किए जाते हैं। इस असाधारण पहल के पीछे उनकी गहरी चिंता और अकेलापन प्रमुख कारण बताया जा रहा है। दरअसल, अविवाहित और एकाकी जीवन जी रहे कल्याण पाल को लंबे समय से यह चिंता सताती रही कि उनके निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार कौन करेगा और आवश्यक धार्मिक विधियां कौन पूरी करेगा। इसी चिंता ने उन्हें एक ऐसा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया, जिसकी अब पूरे क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।

प्रयागराज में स्वयं कराया कर्मकांड
जानकारी के अनुसार, आयोजन से दो दिन पहले कल्याण पाल प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ अपने नाम से कर्मकांड संपन्न कराया। उन्होंने परंपरानुसार गंगा स्नान भी किया और अस्थि विसर्जन जैसी प्रक्रिया का प्रतीकात्मक निर्वहन किया। इसके बाद वे अपने गांव लौट आए। गांव लौटने के बाद उन्होंने 24 घंटे का सीताराम रामधुन पाठ आयोजित कराया, जिससे पूरे गांव में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बन गया। ग्रामीण इस अनोखे आयोजन को लेकर उत्सुकता और आश्चर्य के साथ चर्चा करते नजर आए। शनिवार को धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत दोपहर करीब 4 बजे बड़े स्तर पर भंडारा आयोजित किया गया। यह आयोजन पूरी तरह मृत्यु भोज की तर्ज पर था, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस व्यक्ति के नाम पर यह भोज रखा गया था, वही स्वयं मेहमानों का स्वागत करता दिखा। गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 6 से 7 हजार लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में भोजन, बैठने और अन्य व्यवस्थाएं भी सुव्यवस्थित तरीके से की गई थीं।

वायरल हुआ निमंत्रण पत्र
इस आयोजन का निमंत्रण पत्र पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था, जिसमें भावुक पंक्तियां लिखी गई थीं—
“मुझे तो अपनों ने लूटा, गैरों में कहां दम था, मेरी कश्ती वहां डूबी जहां पानी कम था।”
इस कार्ड के सामने आने के बाद से ही लोग जानना चाहते थे कि आखिर इस आयोजन के पीछे की वजह क्या है।

अकेलेपन की चिंता ने उठवाया कदम
बताया जा रहा है कि कल्याण पाल अपने पिता के इकलौते पुत्र हैं और उनका कोई पारिवारिक सहारा नहीं है। विवाह न होने के कारण उनके बाद अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाने वाला कोई नहीं है। यही कारण रहा कि उन्होंने अपने जीवन में ही सभी कर्मकांड पूरे करने का निर्णय लिया। कल्याण पाल का कहना है कि अब उन्हें किसी प्रकार की चिंता नहीं है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जीवन का सबसे बड़ा सुकून तब मिलता है जब इंसान अपनी सभी जिम्मेदारियां पूरी कर ले। अब जब भी मृत्यु आएगी, वे निश्चिंत होकर उसका सामना कर सकेंगे, क्योंकि अपने अंतिम संस्कार से जुड़े सभी अनुष्ठान वे स्वयं अपनी आंखों से देख चुके हैं।
यह अनोखा आयोजन न केवल लोगों को हैरान कर गया, बल्कि समाज में अकेलेपन और पारिवारिक विघटन की एक गंभीर तस्वीर भी प्रस्तुत करता है।






