डोनाल्ड ट्रंप ने इलेक्टोरल वोट्स में जीत हासिल करने के बाद पहली बार अमेरिकी जनता को संबोधित किया। उन्होंने फ्लोरिडा में आयोजित एक कार्यक्रम में अमेरिकियों का धन्यवाद किया। अब अमेरिका में फिर से ट्रंप सरकार बनेगी। रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने 270 इलेक्टोरल वोट्स का बहुमत पार कर लिया है, जबकि कमला हैरिस दोपहर डेढ़ बजे तक 226 वोट्स पर ही रुकी रहीं। जैसे ही अमेरिकी मीडिया ने ट्रंप की जीत का ऐलान किया, पूरे अमेरिका और दुनिया में ट्रंप समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वोटिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के रुझान बहुमत मिलने के बाद, ट्रंप ने फ्लोरिडा में एक भव्य कार्यक्रम में अमेरिकी जनता का धन्यवाद किया। इस बड़े कार्यक्रम में ट्रंप ने अमेरिकियों से बड़े-बड़े वादे किए और इस जीत को हर अमेरिकी नागरिक की जीत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी हर सांस अमेरिका के लिए है और वे देश के भविष्य के लिए लड़ेंगे। उन्हें स्विंग स्टेट्स से समर्थन मिला, वहां के लोगों का प्यार मिला। यह अमेरिकियों की जीत है और अगले चार साल अमेरिका के लिए स्वर्णिम होंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सीनेट में जो जीत मिली है वह अद्वितीय है। अमेरिका में पहली बार ऐतिहासिक बदलाव हुआ है, और यह अमेरिका के इतिहास की सबसे शानदार जीत है। उन्होंने अपनी जीत के लिए पत्नी मेलानिया ट्रंप का भी धन्यवाद किया। ट्रंप ने कहा कि सीनेट पर हमारा नियंत्रण वापस आया है, और इतने व्यापक समर्थन का नजारा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने अपने बॉर्डर को मजबूत करने और देश की समस्याएं दूर करने का संकल्प जताया। अपने संबोधन में उन्होंने कमला हैरिस को भी बधाई दी और इस चुनाव में डेमोक्रेट्स के प्रदर्शन की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी। ट्रंप की जीत सुनिश्चित होने पर उन्होंने वैश्विक शांति, स्थिरता, और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप को उनकी ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। आपके पिछले कार्यकाल की सफलताओं को देखते हुए, मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने के लिए हमारे सहयोग को नए सिरे से आगे बढ़ाने की उम्मीद करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “आइए मिलकर अपने लोगों के हित और वैश्विक शांति, स्थिरता, और समृद्धि के लिए काम करें।”
‘ट्रंप की जीत पर मोदी बोले, “दिल से बधाई मेरे दोस्त”






