एलन मस्क ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा की। उन्होंने इस पार्टी का नाम “अमेरिकन पार्टी” रखा है। इस कदम से अमेरिका की सियासत में हलचल मच गई है। अमेरिका के किंगमेकर कहे जाने वाले मस्क ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए डेमोक्रेट और रिपब्लिकन पार्टी दोनों के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। मस्क का यह कदम डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। यह पार्टी कुछ खास सीटों पर फोकस करके कानून निर्माण को प्रभावित करेगी। मस्क का कहना है कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों को उनकी खोई हुई आज़ादी लौटाना है। यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कर कटौती और खर्च विधेयक पर हस्ताक्षर करने के तुरंत बाद की गई, जिसका मस्क ने विरोध किया था।
अमेरिकन पार्टी की रणनीति
एलन मस्क ने बताया कि उनकी पार्टी की रणनीति यह होगी कि अमेरिकी हाउस और सीनेट की कुछ खास सीटों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें कुल 2-3 सीनेट सीटों और 8-10 हाउस सीटों पर फोकस करना होगा ताकि विवादास्पद कानूनों पर निर्णायक वोट डाला जा सके और वे वास्तव में लोगों की इच्छाओं के अनुरूप हों।” मस्क का मानना है कि चुनाव में मामूली अंतर से भी बड़ी राजनीतिक ताकत अर्जित की जा सकती है, जिससे सत्ता संतुलन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।






