प्रवासी भारतीयों द्वारा प्रस्तुत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर आधारित नृत्य में देशभक्ति की अनोखी झलक देखने को मिली। ‘ये देश नहीं मिटने दूंगा’ जैसे नारों ने पूरे कार्यक्रम को भावुक माहौल से भर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब 2025 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने रियो डी जेनेरियो (ब्राज़ील) पहुंचे, तो भारतीय समुदाय ने उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक नृत्य, भक्ति संगीत और लोक संस्कृति से सजे इस स्वागत समारोह ने पूरे माहौल को उत्सवमय और भावनाओं से ओतप्रोत कर दिया। प्रवासियों द्वारा प्रस्तुत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुति में देश के प्रति गहरी निष्ठा और प्रेम दिखाई दिया। ‘ये देश नहीं मिटने दूंगा’ जैसे गगनभेदी नारे गूंज उठे और हर किसी को भावुक कर गए।
प्रधानमंत्री मोदी 6-7 जुलाई को होने वाले 17वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे शांति, सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे। गौरतलब है कि ब्राज़ील में भारतीय मूल के लोगों की आबादी अनुमानित रूप से 4,000 से लेकर 25,000 या उससे भी अधिक है। प्रवासी संगठनों की भूमिका संस्कृति, समाज और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने में बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
ब्राजील-भारत के रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ब्रासीलिया में ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता व्यापार, रक्षा, कृषि, तकनीक और ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर विचार विमर्श करेंगे।




