फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद, अमेरिका ने अब तक यूक्रेन को 62 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दी है। पिछले महीने अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के अंदर लंबी दूरी की मिसाइलों के उपयोग की भी अनुमति दी थी। इसी बीच, रूस ने अपने नागरिकों को अमेरिका की यात्रा से बचने की सलाह दी है। रूस-अमेरिका के बीच संबंधों में तनाव किसी से छिपा नहीं है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद दोनों देशों के रिश्ते अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।
रूस ने अपने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका या यूरोप के कई देशों की यात्रा करने पर वहां के अधिकारी उन्हें निशाना बना सकते हैं। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागरिकों से कहा कि वे अमेरिका की यात्रा न करें, क्योंकि रूस और अमेरिका के बीच संबंध अत्यधिक तनावपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी सलाह दी कि कनाडा और यूरोपीय संघ के देशों में भी यात्रा से बचें। उन्होंने कहा, “हम आपसे आग्रह करते हैं कि छुट्टियों के दौरान अमेरिका और उसके सहयोगी देशों, जैसे कनाडा और अधिकांश यूरोपीय संघ के देशों की यात्रा न करें। अमेरिका की यात्रा जोखिमभरी हो सकती है, क्योंकि वहां के अधिकारी रूसी नागरिकों को गिरफ्तार या हिरासत में ले सकते हैं।”
उसी तरह, अमेरिका ने भी अपने नागरिकों को रूस की यात्रा करने से मना किया है। अमेरिका के एक नोटिस में कहा गया है कि रूस जाने पर उनके नागरिकों को रूसी सुरक्षा अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न या हिरासत का सामना करना पड़ सकता है। इस बीच, बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को एक और सैन्य सहायता पैकेज देने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका युद्ध के अंत तक यूक्रेन को सहायता प्रदान करता रहेगा। हालांकि, उन्होंने सहायता राशि का खुलासा नहीं किया। गौरतलब है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने अब तक यूक्रेन को 62 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दी है। पिछले महीने अमेरिका ने यूक्रेन को रूस के अंदर लंबी दूरी की मिसाइलों का उपयोग करने की अनुमति दी थी, जिसका रूस ने कड़ा विरोध किया था।
रूस ने अपने नागरिकों से कहा, ‘अमेरिका और यूरोप की यात्रा न करें’






