
अमेरिका में शटडाउन को 10 दिन बीत चुके हैं और अब ट्रंप प्रशासन ने संघीय कर्मचारियों को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया है। इसे डेमोक्रेट पार्टी पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इससे देश में राजनीतिक संकट और गहराने की आशंका है। अमेरिका के बजट एवं प्रबंधन कार्यालय के निदेशक रस वॉट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पुष्टि की कि छंटनी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, यह छंटनी बड़े पैमाने पर की जा सकती है।
शिक्षा, वित्त और स्वास्थ्य विभाग पर असर
सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी सरकार के शिक्षा, वित्त, आंतरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा विभागों में छंटनी की संभावना है। इन विभागों के प्रवक्ताओं ने बताया कि उन्हें छंटनी से संबंधित नोटिस प्राप्त हुए हैं। आम तौर पर शटडाउन की स्थिति में कर्मचारियों को अस्थायी अवकाश पर भेजा जाता है और बाद में उन्हें वापस बुला लिया जाता है, लेकिन इस बार की छंटनी से व्हाइट हाउस और कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ सकता है और राजनीतिक गतिरोध गहरा सकता है।
विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों में आलोचना
ट्रंप प्रशासन के इस फैसले की आलोचना न केवल डेमोक्रेट सांसदों ने की है, बल्कि सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी के कई सांसदों ने भी निंदा की है। शुक्रवार रात मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि “कई लोगों की नौकरियां जाएंगी” और बताया कि छंटनी डेमोक्रेट पार्टी के प्रभाव वाले विभागों में अधिक की जाएगी, हालांकि उन्होंने इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया।
गौरतलब है कि अमेरिका में शटडाउन 1 अक्तूबर से शुरू हुआ था। ट्रंप प्रशासन ने सभी संघीय एजेंसियों को बजट कार्यालय को उन कर्मचारियों की सूची सौंपने का निर्देश दिया है, जिन्हें नौकरी से हटाया जा सकता है। इस कदम से अमेरिका में राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।




