ऑनलाइन दीनी तालीम के माध्यम से विदेश से भारी धनराशि जुटाने के मामले में एनआईए और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह झांसी में मुफ्ती खालिद नदवी के घर पर छापा मारा। टीम ने उनके लैपटॉप, मोबाइल और बैंक पासबुक को जब्त कर लिया और कई घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद जब मुफ्ती को पुलिस लाइन ले जाया जा रहा था, तो स्थानीय लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया। अतिरिक्त पुलिस बल के आने के बाद ही टीम मुफ्ती को एसएसपी कार्यालय और फिर पुलिस लाइन ले जा पाई। देर शाम उन्हें कुछ शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया।
जब एनआईए टीम मुफ्ती को उनके घर से बाहर लेकर जा रही थी, तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच किसी ने मस्जिद के माइक से ऐलान कर दिया, जिसके बाद मुफ्ती के समर्थन में भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, और महिलाओं ने सड़क पर बैठकर रास्ता रोक दिया। महिलाओं का कहना था कि रातभर की पूछताछ के बावजूद अधिकारियों को कोई सबूत नहीं मिला, और अब मुफ्ती को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सिटी रामवीर सिंह और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान मुफ्ती साबिर कासमी ने लोगों से समझाने का प्रयास किया और कार्रवाई में दखल न देने की अपील की। इसके बावजूद, पुलिस को मुफ्ती को पुलिस लाइन लाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब नौ घंटे की जांच और पूछताछ के बाद जब एनआईए के अधिकारी मुफ्ती के घर से बाहर निकले, तो लोगों ने दोबारा पूछताछ का कारण पूछा। अधिकारियों ने चुप्पी साधे रखी, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। प्रदर्शनकारियों का सवाल था कि जब नौ घंटे की जांच और पूछताछ हो चुकी है, तो अब पुलिस लाइन ले जाकर पूछताछ का क्या औचित्य है।
जैसे ही एनआईए और एटीएस की कार्रवाई खत्म हुई और मुफ्ती को पुलिस लाइन ले जाया जाने लगा, लोगों ने फिर विरोध शुरू कर दिया। उन्हें पास की फातिमा मस्जिद में ले जाया गया, जहां उन्होंने नमाज अदा की और दुआ मांगी। मस्जिद के बाहर भीड़ और पुलिस की तैनाती बनी रही।
तड़के 3 बजे एनआईए, एटीएस और पुलिस टीम अलीगोल के सुपर कॉलोनी इलाके में पहुंची। स्थानीय लोगों को लगा कि बिजली विभाग की टीम जांच के लिए आई है, इसलिए किसी ने बाहर निकलने की जहमत नहीं उठाई। सुबह फज्र की नमाज के दौरान मस्जिद गए लोगों को एनआईए की कार्रवाई के बारे में जानकारी मिली।
््




