अंतरराष्ट्रीय तनाव बढ़ने के बीच चीन ने सभी पक्षों से तत्काल सैन्य गतिविधियाँ रोकने की अपील की है। चीन के विदेश मंत्रालय ने बल प्रयोग की नीति की आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा स्थिति को काबू में रखना और संघर्ष को फैलने से रोकना सबसे अहम प्राथमिकता होनी चाहिए।
सोमवार को विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने प्रेस वार्ता में कहा कि मौजूदा हालात में सैन्य कार्रवाई रोकना और विवाद को बातचीत व कूटनीति के जरिए सुलझाना ही एकमात्र व्यावहारिक रास्ता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिकी सैन्य कदम की जानकारी चीन को पहले से नहीं थी। ईरान को चीन से मिसाइल मिलने की खबरों को मंत्रालय ने “दुर्भावनापूर्ण अटकलें” और पूरी तरह गलत बताया। मंत्रालय ने पुष्टि की कि मौजूदा संघर्ष में एक चीनी नागरिक की मौत हुई है तथा क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दोहराई है। अब तक तीन हजार से अधिक चीनी नागरिक ईरान छोड़ चुके हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के ठिकानों पर हमलों के बाद क्षेत्रीय तनाव तेज़ी से बढ़ा है। जवाब में ईरान ने मध्य पूर्व के विभिन्न इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस बीच कुवैत के कुवैत रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सोमवार सुबह देश में कई अमेरिकी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। मंत्रालय के अनुसार सभी चालक दल सुरक्षित हैं और हादसे के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों ने तुरंत खोज-बचाव अभियान चलाकर कर्मियों को निकाल लिया और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई गई है।






