
ईरान और ग्रीनलैंड को लेकर जारी धमकियों के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने एक सनसनीखेज बयान देते हुए खुद को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित कर दिया है। इससे जुड़ी एक तस्वीर उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर दुनिया भर में सुर्खियों में रहे थे। अब वेनेजुएला से संबंधित एक नए पोस्ट के जरिए उन्होंने फिर से विवाद खड़ा कर दिया है। ट्रुथ सोशल पर साझा पोस्ट में ट्रंप ने स्वयं को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति बताया है और इसके समर्थन में एक तस्वीर भी जारी की है।
खुद को बताया ‘वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति’
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा साझा की गई तस्वीर में उन्हें ‘वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति’ के रूप में दर्शाया गया है। यह डिजिटल रूप से संपादित तस्वीर हालिया घटनाक्रमों के संदर्भ में तैयार की गई है। यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब ट्रंप वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार को लेकर लगातार तेल कंपनियों के साथ बैठकें कर रहे हैं और साथ ही ईरान व ग्रीनलैंड को लेकर भी आक्रामक बयान दे रहे हैं। एक संपादित विकिपीडिया इमेज में डोनाल्ड ट्रंप को जनवरी 2026 तक वेनेजुएला का वर्तमान राष्ट्रपति दिखाया गया है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप ने दावा किया था कि जब तक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण तरीके से सत्ता का हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वेनेजुएला सरकार के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा।
तेल कंपनियों को ट्रंप का साफ संदेश
हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दुनिया की प्रमुख तेल और गैस कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि वेनेजुएला में होने वाला कोई भी निवेश अब सीधे अमेरिका के माध्यम से होगा, न कि वेनेजुएला सरकार के जरिए। ट्रंप ने सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए तेल उद्योग को बड़े पैमाने पर निवेश का खुला न्योता दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिका ने समय रहते कदम नहीं उठाया होता, तो चीन या रूस वेनेजुएला में अपनी मजबूत पकड़ बना लेते। अमेरिका की योजना है कि उसकी तेल कंपनियां वेनेजुएला में निवेश करें, तेल उत्पादन और बुनियादी ढांचे को दोबारा विकसित किया जाए और वेनेजुएला के तेल की वैश्विक बिक्री पर अमेरिकी नियंत्रण बना रहे। ट्रंप प्रशासन इसे वेनेजुएला के आर्थिक पुनर्निर्माण की दिशा में उठाया गया कदम बता रहा है।





