
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में आवारा कुत्तों के हमले में नौ वर्षीय मासूम बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव पौटा की है, जहां रविवार शाम करीब सवा पांच बजे खेत से लौटते समय श्मशान घाट के पास कुत्तों के झुंड ने बालिका पर हमला कर दिया। गांव पौटा निवासी बंटी की बेटी रिया गौतम अपनी मां ममता और दादी मुन्नी के साथ खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। चारा काटने के दौरान रिया अकेले घर लौटने लगी। इसी दौरान रास्ते में श्मशान घाट के पास आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और खींचकर गेहूं के खेत में ले गए। ग्रामीणों और परिजनों के मौके पर पहुंचने तक रिया गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले में रिया का बांया हाथ कंधे से अलग हो गया, जो मौके पर नहीं मिला। बांया पैर भी जांघ से अलग हो गया था। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, संभल के एसडीएम रामानुज ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही, आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 24 सितंबर को ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव सिरपुड़ा में भी आवारा कुत्तों के हमले में पांच वर्षीय बालक शान की मौत हो गई थी। किसान इशरत अली का इकलौता बेटा शान घर के बाहर खेल रहा था, तभी कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।






