• साल 2021 में कार्डियोवैस्कुलर डिजीज (सी.वी.डी) के कारण दो करोड़ से अधिक मौतें हुईं।
• हाल के वर्षों में कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक से मौत के मामले सामने आये हैं।
हृदय रोग दुनियाभर में तेजी से फैलती समस्या बनता जा रहा है। गंभीर मामलों में हार्ट अटैक के कारण हर साल लाखों लोगों की जान चली जाती है। साल 2021 में कार्डियोवैस्कुलर डिजीज (सीवीडी) की वजह से दो करोड़ से ज्यादा मौतें हुईं, जो वैश्विक स्तर पर कुल मौतों का लगभग एक तिहाई है। सीवीडी से होने वाली 85% मौतों के लिए हार्ट अटैक और स्ट्रोक को जिम्मेदार माना गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सभी को अपने हृदय स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हाल के वर्षों में 20 साल से कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक से मौत के मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि हार्ट अटैक की स्थिति में यदि समय पर लक्षणों को पहचानकर सीपीआर दे दी जाए तो मरीज की जान बचाई जा सकती है।
कानपुर हृदय रोग संस्थान के डॉ. नीरज ने हार्ट अटैक के बाद रोगी की जान बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय बताया है। उन्होंने दवाओं की एक किट के बारे में जानकारी दी, जिसे ‘रामकिट’ नाम दिया गया है, जो हार्ट अटैक के समय में संजीवनी की तरह काम कर सकती है। डॉक्टर नीरज के अनुसार, हार्ट अटैक की स्थिति में तीन विशेष दवाएं देने से मरीज की जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। ये दवाएं उसी तरह प्रभावी हैं जैसे अस्पताल में हार्ट अटैक के बाद दी जाने वाली दवाएं होती हैं।
डॉ. नीरज बताते हैं कि हार्ट अटैक की स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचने में कम से कम 30-40 मिनट का समय लग ही जाता है, जो बहुत महत्वपूर्ण होता है। हर व्यक्ति को इस किट को अपने पास रखना चाहिए ताकि आपात स्थिति में तुरंत इसका उपयोग किया जा सके। डॉक्टर बताते हैं कि हार्ट अटैक के लक्षण दिखते ही दो इकोस्प्रिन 75, एक रोसुवास्टेटिन 20 एमजी और सोब्रिट्रेट 5 एमजी की गोली जीभ पर रखकर चूसें। ये उपाय मरीज की जान बचा सकते हैं। इन दवाओं की कीमत केवल 6-7 रुपये है, जिससे आप अपनी जान बचा सकते हैं। इकोस्प्रिन ब्लड थिनर के रूप में काम करती है, जो रक्त के थक्कों को बनने से रोकने में मदद करती है। रोसुवास्टेटिन कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली दवा है, जो थक्के के प्रसार को रोकती है। सोब्रिट्रेट को चूसने से यह नसों को खोलने का काम करती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि ऐसी स्थिति में हर व्यक्ति के पास ये दवाएं होनी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में ये काम आ सकें।
नोट: अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
हार्ट अटैक होने पर बच सकती है जान, अपने पास रखें ये तीन दवाएं





