कोलकाता महानगर में 30वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआईएफएफ) का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धनो धन्य ऑडिटोरियम में इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, बंगाली सुपरस्टार देव, पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। इस बार के महोत्सव में 29 देशों की 175 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। महोत्सव का अतिथि देश फ्रांस है, और उद्घाटन फिल्म के रूप में तपन सिन्हा की “गोल्पो होलेओ सत्य” दिखाई गई, जिसे इस महान निर्देशक की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में चुना गया। महोत्सव 11 दिसंबर तक चलेगा और इसमें अर्जेंटीनी फिल्म निर्देशक पाब्लो सेसर तथा कोलकाता के फ्रांसीसी भाषा और सांस्कृतिक केंद्र एलायंस फ्रैंसाइज़ डु बेंगाल के निदेशक निकोलस फैसिनो ने भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी लिखी कविता पर ओडिशी नृत्यांगना और सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली के नृत्य प्रदर्शन का आनंद लिया। मंच पर हल्के-फुल्के मूड में नजर आईं ममता बनर्जी ने बंगाली सिनेमा पर चर्चा करते हुए गुनगुनाने और गाने के साथ-साथ भावुकता भी जाहिर की। उन्होंने बंगाली फिल्मों को विदेशी फिल्मों के साथ बढ़ावा देने और भारतीय व अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के बीच सहयोग से रचनात्मक अवसरों को विस्तार देने पर जोर दिया। तपन सिन्हा को याद करते हुए उन्होंने बताया कि हालांकि वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानती थीं, लेकिन तपन दा ने उन्हें एक पत्र लिखकर समर्थन और बधाई दी थी, जिसे वह आज भी संभालकर रखती हैं। केआईएफएफ के अध्यक्ष गौतम घोष ने इस महोत्सव का स्वागत करते हुए युद्ध और जलवायु संकट के दौर में साहित्य और कला की सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिनेमा समय की सामूहिक स्मृति है और यह महोत्सव फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म और डॉक्यूमेंट्री के जरिए विभिन्न देशों की कहानियों को जीवंत करेगा। साथ ही सेमिनार, सिम्पोजियम और चर्चाओं के माध्यम से हमारी समझ को समृद्ध करेगा।
कोलकाता: 30वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन






