प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी भरा संदेश मुंबई पुलिस को शनिवार को व्हाट्सएप पर मिला। मैसेज मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच में खुलासा हुआ कि यह संदेश राजस्थान के अजमेर से भेजा गया था। संदिग्ध को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम को अजमेर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, यह मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन के व्हाट्सएप नंबर पर कुछ घंटे पहले भेजा गया था। इसमें दावा किया गया था कि दो आईएसआई एजेंट प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाने के लिए बम विस्फोट की साजिश रच रहे हैं। जांच में शक जताया गया कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है या उसने नशे की हालत में ऐसा किया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
गौरतलब है कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर पहले भी ऐसे धमकी भरे संदेश आ चुके हैं। 27 नवंबर को भी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। कॉल का लोकेशन पश्चिमी उपनगर अंबोली में मिला। मामले में महिला कॉलर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में वह मानसिक रूप से अस्थिर पाई गई और कॉल को केवल शरारत करार दिया गया। इसके अलावा, 7 नवंबर को व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर कई संदेश मिले, जिनमें दावा किया गया कि संदेश भेजने वाला बिश्नोई गिरोह का सदस्य है। उसने सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि रकम न मिलने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी। आरोपी ने ‘मैं सिकंदर हूं’ गीत के लेखक को भी मारने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई पुलिस को मिले मैसेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी






