संसद के शीतकालीन सत्र में रेलवे की संसदीय स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट पेश की है। इस रिपोर्ट में समिति ने राजस्व घाटे को कम करने के लिए वातानुकूलित (एसी) श्रेणी के किराए की समीक्षा करने की सिफारिश की है, यानी ट्रेन के एसी किराए में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सामान्य श्रेणी की यात्रा सस्ती बनी रहे। अगर सरकार समिति की सिफारिश मानती है, तो एसी श्रेणी के किराए में वृद्धि हो सकती है। समिति, जिसकी अध्यक्षता भाजपा सांसद सी. एम. रमेश कर रहे हैं, ने 2024-25 के बजट अनुमानों पर विचार किया। इसमें माल ढुलाई से 1.8 लाख करोड़ रुपये की आय के मुकाबले यात्री राजस्व 80,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। समिति ने यात्री राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों के किराए का विस्तृत विश्लेषण करने की जरूरत जताई है। समिति ने कहा कि जनरल क्लास का किराया सस्ता रहना चाहिए, लेकिन परिचालन लागत को कम करने और घाटे को नियंत्रित करने के लिए एसी क्लास के किराए की समीक्षा की जानी चाहिए। इसके अलावा, समिति ने भारतीय रेलवे से यात्री ट्रेनों के परिचालन खर्चों की समीक्षा करने और टिकट को सस्ता बनाए रखने के लिए खर्चों को ऑप्टिमाइज करने की सलाह दी है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि हर साल यात्रियों को 56,993 करोड़ रुपये की छूट दी जाती है और हर टिकट पर औसतन 46% की सब्सिडी मिलती है। समिति ने कैटरिंग सेवाओं को भी वित्तीय प्रदर्शन सुधारने के लिए पुनर्विचार करने की बात कही है और सुझाव दिया है कि प्रतिस्पर्धी कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन की पेशकश की जाए, जबकि सामाजिक सेवा दायित्वों के वित्तीय बोझ को कम किया जाए।
रेलवे के निजीकरण पर चल रही बहस के बीच, समिति ने रेलवे के बुनियादी ढांचे में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की सिफारिश की है। यह बहस रेल संशोधन विधेयक 2024 के कारण और तेज हुई, जिसे विपक्ष ने रेलवे के निजीकरण की ओर कदम बताया। हालांकि, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि रेलवे का निजीकरण नहीं हो रहा है। समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण भारी पूंजी निवेश की मांग करता है। इसमें सुधार की व्यापक संभावनाएं हैं, और योजनाबद्ध व्यय को बढ़ाने की जरूरत है। समिति ने सिफारिश की है कि एसी श्रेणी के किराए को परिचालन लागत के अनुरूप रखा जाए और सामान्य श्रेणी को सस्ता रखा जाए ताकि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा सकें।
एसी श्रेणी का सफर हो सकता है महंगा, रेलवे ने एसी किराए की समीक्षा करने की सिफारिश की






