प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का कल निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे। उन्होंने कल शाम 6 बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। श्याम बेनेगल का अंतिम संस्कार आज मुंबई के शिवाजी पार्क में दोपहर 2 बजे किया जाएगा। उनके घर की बिल्डिंग के बाहर आज एक अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है।
श्याम बेनेगल ने कई मशहूर फिल्में निर्देशित की थीं। उनकी बेटी पिया बेनेगल ने बताया कि वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। दो साल पहले उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई थीं और तब से उनका डायलिसिस चल रहा था। श्याम बेनेगल ने 14 दिसंबर को ही अपना 90वां जन्मदिन मनाया था। इस अवसर पर शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह और दिव्या दत्ता समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने उनका जन्मदिन मनाया था। श्याम बेनेगल ने सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्हें आठ फिल्मों के लिए यह सम्मान मिला था। उनकी फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, अमरीश पुरी, अनंत नाग, शबाना आजमी, स्मिता पाटिल और सिनेमेटोग्राफर गोविंद निहलानी जैसे कई बेहतरीन कलाकार दिए हैं।
इसके अलावा उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और सत्यजीत रे पर डॉक्यूमेंट्री बनाई और दूरदर्शन के लिए धारावाहिक “यात्रा”, “कथा सागर” और “भारत एक खोज” का भी निर्देशन किया। श्याम बेनेगल का जन्म 14 दिसंबर 1934 को हैदराबाद में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उन्होंने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी, लेकिन उनका झुकाव फोटोग्राफी की ओर हो गया। उन्हें बॉलीवुड में आर्ट सिनेमा का जनक भी माना जाता है। बारह साल की उम्र में उन्होंने अपने फोटोग्राफर पिता श्रीधर बी. बेनेगल के दिए कैमरे से अपनी पहली फिल्म बनाई थी। उनके परिवार में पत्नी नीरा बेनेगल और बेटी पिया बेनेगल हैं।
मशहूर फ़िल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार






