नया ड्रेस कोड 25 दिसंबर से लागू, सभी पुजारियों को दो-दो सेट उपलब्ध करवाए गए, पुजारी ड्रेस कोड में ही करेंगे पूजा
रामलला के पुजारी अब पीतांबरी पहनकर रामलला की नित्य पूजा-अर्चना करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पुजारियों के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है। इसके तहत पुजारी पीली चौबंदी और सफेद धोती पहनेंगे। यह ड्रेस कोड 25 दिसंबर से प्रभावी हो गया है। ट्रस्ट ने सभी पुजारियों को दो-दो सेट ड्रेस भी प्रदान की हैं।
राममंदिर में मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास समेत कुल 14 पुजारी सेवा दे रहे हैं। पुजारियों के मल्टीमीडिया फोन इस्तेमाल करने पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है और अब ड्रेस कोड भी अनिवार्य कर दिया गया है। पहले पुजारी अलग-अलग वेशभूषा में आते थे, लेकिन अब सभी के लिए एक समान ड्रेस कोड लागू है। पूजा-अर्चना के लिए 14 पुजारियों को दो समूहों में बांटा गया है। सुबह की पाली में सात पुजारियों को और दोपहर से शाम तक की पाली में अन्य सात पुजारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इन पुजारियों को राममंदिर के साथ-साथ कुबेर टीला स्थित शिवालय और हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करनी होती है। ट्रस्ट के इस निर्णय से राममंदिर के पुजारियों की पहचान करना आसान हो जाएगा। उनके लिए चौबंदी, धोती, कुर्ता और सिर पर पीले रंग की पगड़ी निर्धारित की गई है।






