राजस्थान के प्रतापगढ़ की 18 वर्षीय युवती, इंदिरा मीणा, सोमवार सुबह गुजरात के कच्छ जिले के भुज तहसील के कंडेराई गांव में 540 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। प्रशासन लगातार बचाव कार्य में जुटा हुआ है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवती को बाहर नहीं निकाला जा सका है। सुबह करीब पांच बजे यह हादसा हुआ था, और प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।
बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और बीएसएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। ऑक्सीजन और कैमरे का सहारा लेकर युवती को बचाने की कोशिश जारी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए हैं। कच्छ के डीएम अमित अरोड़ा, एसपी विकास सूंदा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
मजदूरी करता है युवती का परिवार
इंदिरा मीणा का परिवार खेतों में मजदूरी करता है। घटना के समय वह सुबह खेत में काम के लिए गई थी। परिवार ने उसकी आवाज सुनने के बाद पुलिस को सूचना दी। बोरवेल में ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, लेकिन अभी तक युवती के जीवित होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। कैमरों की मदद से उसकी स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इंदिरा अविवाहित है और अपने परिवार के साथ मजदूरी और खेती का काम करती थी। यह घटना राजस्थान में चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासन युवती को सुरक्षित बाहर निकालने की हरसंभव कोशिश कर रहा है।
गुजरात: 18 साल की युवती बोरवेल में गिरी, पिछले 24 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी





