संभल के प्राचीन शिव मंदिर को भगवा रंग में रंगा गया है। मंदिर की सुरक्षा के मद्देनजर वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।
संभल के खग्गू सराय इलाके में स्थित इस मंदिर की रंगाई-पुताई का कार्य सोमवार को पूरा हुआ। इसी दौरान सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त की गई। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह और शाम की आरती में बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं। यह प्राचीन शिव मंदिर 46 साल बाद खोला गया है, जिसके दर्शन के लिए शहर और गांवों से लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं। यह मंदिर 1978 के दंगों के बाद बंद हो गया था, और तब से इस पर ताला लगा हुआ था। दंगों के बाद हिंदू समुदाय के लोग शहर के अन्य इलाकों में पलायन कर गए थे, और मुस्लिम बहुल क्षेत्र में स्थित इस मंदिर में पूजा-अर्चना बंद हो गई थी।
14 दिसंबर को अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान डीएम और एसपी को इस बंद मंदिर के बारे में जानकारी मिली। उनके निर्देश पर मंदिर का ताला खोला गया और सफाई करवाई गई। मंदिर के आसपास के अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए गए। कुछ लोगों ने अपने मकानों से खुद ही अतिक्रमण हटा लिया, जबकि सड़क और मंदिर के आसपास का अतिक्रमण नगर पालिका की टीम द्वारा हटाया गया। मंदिर के पास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
यूपी: संभल में भगवा रंग से रंगा गया प्राचीन शिव मंदिर, सीसीटीवी कैमरों से हो रही है निगरानी






