अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने वहां अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और दूसरे देशों के नागरिकों को वापस भेजने का सिलसिला शुरू कर दिया है।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों से भरा एक विमान शनिवार को अमृतसर पहुंच रहा है। इस विमान में 119 यात्री होंगे, जिनमें से 67 पंजाबी हैं। विमान के आगमन की सूचना के बाद से अमृतसर में खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पंजाब पुलिस के डीसीपी हरप्रीत सिंह मंढेर ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि शनिवार रात को एक विमान अमृतसर में लैंड करेगा। यह विमान रात 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
इससे पहले, 5 फरवरी को अमेरिका से 104 भारतीयों को डिपोर्ट किया गया था। इनमें देश के छह राज्यों के नागरिक शामिल थे। डिपोर्ट किए गए लोगों में हरियाणा के 34, गुजरात के 33 और पंजाब के 30 नागरिक थे। इसके अलावा, महाराष्ट्र के 3, उत्तर प्रदेश के 2 और चंडीगढ़ के 2 लोग भी शामिल थे। विमान को अमृतसर में उतारने के पीछे कई कारण थे। मुख्य कारण यह था कि डिपोर्ट किए गए भारतीय नागरिकों में ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के निवासी थे। इसके अलावा, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान को इसलिए नहीं उतारा गया क्योंकि 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा था
‘डंकी रूट’ से अमेरिका जाने वालों पर कार्रवाई
जिन लोगों को अमेरिका से वापस भेजा जा रहा है, वे सभी एजेंटों की मदद से ‘डंकी रूट’ के जरिए वहां पहुंचे थे। ऐसे एजेंट प्रति व्यक्ति 35 से 40 लाख रुपये लेते हैं। ये लोग मैक्सिको, पनामा आदि के जंगलों के रास्ते से अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करते हैं। कई लोग इस खतरनाक सफर के दौरान भूख-प्यास से जंगलों में ही दम तोड़ देते हैं और अमेरिका तक पहुंच भी नहीं पाते।






