सूचना के अनुसार, बहादुरगढ़ के सचिन और हिमानी की करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद हिमानी ने सचिन को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सचिन ने हिमानी की हत्या कर दी।
दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला पुलिस विभाग और हरियाणा की सांपला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बहादुरगढ़ निवासी 30 वर्षीय सचिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाता है। फिलहाल, सांपला पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। कांग्रेस नेता हिमानी हत्याकांड में यह पहली गिरफ्तारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से हिमानी का मोबाइल फोन और ज्वेलरी बरामद की है।
हरियाणा पुलिस के सूत्रों के अनुसार, हिमानी और सचिन एक-दूसरे को पिछले एक साल से जानते थे। सचिन हिमानी से मिलने उसके घर भी जाता था और कई बार वहीं रुकता था। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में यह सामने आया है कि सचिन ने कांग्रेस नेता हिमानी की हत्या मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर की थी। हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला कस्बे के बस स्टैंड पर 1 मार्च की सुबह एक बैग में कांग्रेस नेता हिमानी का शव मिला था। राहगीरों ने बैग देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब बैग को खोला गया तो उसमें एक सूटकेस मिला, जिसमें शव रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सचिन और हिमानी की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद हिमानी ने सचिन को अपने घर बुलाया, जहां उनके बीच संबंध बने। हिमानी ने इन संबंधों का वीडियो बना लिया और इसके जरिए सचिन को ब्लैकमेल करने लगी। इस दौरान हिमानी ने सचिन से लाखों रुपये भी ऐंठे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आरोपी ने बताया कि 2 मार्च को निकाय चुनाव होने वाले थे, उससे पहले हिमानी ने उसे अपने घर बुलाया था और पैसों की मांग करने लगी। सचिन ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सचिन बहादुरगढ़ के कनौदा गांव में स्थित अपनी दुकान चला गया, लेकिन बाद में वापस हिमानी के घर पहुंचा और उसके शव को सूटकेस में रखकर ले गया। आरोपी ने पहले शव को रिक्शा में रखा और फिर बस के जरिए उसे सांपला बस स्टैंड तक पहुंचाया। जांच में यह भी सामने आया है कि सचिन शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है।






