जयपुर। राजस्थान के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना की नाराजगी अब खत्म हो गई है और वे दोबारा काम पर लौट आए हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी नाराजगी सरकार से नहीं थी, बल्कि लोकसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने खुद मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। हालांकि, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और दिल्ली से पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद उन्होंने फिर से कार्यभार संभाल लिया है।
डॉ. किरोड़ी ने कहा, “मैंने चुनाव के दौरान ऐलान किया था कि अगर हम लोकसभा सीट हार गए, तो मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा। नैतिकता के आधार पर मैंने इस्तीफा दिया था, लेकिन पार्टी ने इसे मंजूरी नहीं दी। अब आलाकमान के निर्देश पर मैं दोबारा काम पर लौट आया हूं।” उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीते नौ महीनों में जो समय बर्बाद हुआ है, उसकी भरपाई के लिए वे तेजी से काम करेंगे। “मैं पिछले पांच-छह दिनों से पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा हूं और अब विकास कार्यों को पूरी रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा।”
सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर डॉ. किरोड़ी कोटा पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, फोन टैपिंग से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और इस मुद्दे को पूरी तरह से टाल गए।
राजस्थान: कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना की नाराजगी समाप्त, काम पर लौटे






