आज दिल्ली में ‘राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर्स’ सम्मेलन के तहत रोड शो में भाग लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मुख्य सचिव सुधांश पंत, उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। यह सम्मेलन राजस्थान सरकार की निवेश आकर्षित करने की पहल का हिस्सा है। राजस्थान सरकार इस साल दिसंबर में जयपुर में ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित करेगी, जो 9 से 11 दिसंबर तक चलेगी। समिट से पहले राजस्थान सरकार देश और विदेश में रोड शो आयोजित कर रही है, जिनमें कई महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं।
दिल्ली में दो दिन का सम्मेलन: दिल्ली में सम्मेलन के पहले दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल कुछ चुनिंदा व्यापारिक समूहों के सीईओ के साथ बैठक करेंगे। दूसरे दिन राज्य का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों के राजदूतों और राजनयिकों के साथ राउंडटेबल बैठक करेगा, जहां वे विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए बनाई गई नीतियों और प्रोत्साहनों के बारे में जानकारी देंगे।
विदेशी राजनयिकों को निमंत्रण: सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, इटली, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, डेनमार्क, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, तुर्की, स्पेन, स्विट्ज़रलैंड, ब्राजील, कतर, दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के राजनयिकों को आमंत्रित किया गया है।
‘राइजिंग राजस्थान’ के लिए देश-विदेश में कार्यक्रम: राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 की तैयारियों के तहत राजस्थान सरकार भारत और दुनिया के विभिन्न शहरों में इन्वेस्टर्स मीट आयोजित कर रही है। भारत में मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों पर इन्वेस्टर्स मीट हो रहे हैं, जबकि विदेशों में यह मीट दक्षिण कोरिया, जापान, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, यूएई, कतर, सऊदी अरब और सिंगापुर में आयोजित की जाएगी। पिछले महीने मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट के दौरान 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे।
जयपुर में 9-11 दिसंबर को समिट: ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का आयोजन 9, 10 और 11 दिसंबर को जयपुर में होगा। इसका आयोजन राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन (बीआईपी) और राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (रीको) के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें बीआईपी नोडल विभाग होगा।
राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर्स समिट के सिलसिले में मुख्यमंत्री का आज दिल्ली में रोड शो






