वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ कई राज्यों में विरोध, ममता बनर्जी बोलीं- बंगाल में नहीं लागू होगा
देश के कई हिस्सों में वक्फ संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ किया है कि यह कानून बंगाल में लागू नहीं किया जाएगा। बंगाल के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है और कुछ स्थानों पर हिंसा भी देखने को मिली है। कोलकाता से मिली जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद जिले के सूती और शमशेरगंज इलाकों में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े। वहां प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। हिंसक झड़पों में करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज के बाद हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और नेशनल हाइवे-34 को पूरी तरह से जाम कर दिया। हनुमान जयंती के चलते भी माहौल में तनाव बना हुआ है।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने की कोशिश की, तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। बावजूद इसके, प्रदर्शनकारियों की हिंसा और भी बढ़ गई। शमशेरगंज के डाक बंगला मोड़ पर भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और दुकानों व दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस हिंसा में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए बहरामपुर और मालदा से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया, लेकिन जब तक वे पहुंचे, काफी क्षति हो चुकी थी। अंत में, स्थिति पर काबू पाने के लिए बीएसएफ को तैनात किया गया और देर रात हालात नियंत्रण में आए। प्रशासन को संदेह है कि यह हिंसा पूर्व-नियोजित थी, क्योंकि अलग-अलग जगहों पर एक ही समय पर भीड़ जमा होकर हाइवे जाम किया गया। इससे पहले भी मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। वर्तमान में इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।






